Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IndiGo की मुंबई-कोलकाता फ्लाइट में साथी यात्री ने मारा थप्पड़, युवक को आया था पैनिक अटैक; वायरल वीडियो पर भड़के लोग, आरोपी गिरफ्तार

IndiGo की मुंबई-कोलकाता फ्लाइट में साथी यात्री ने मारा थप्पड़, युवक को आया था पैनिक अटैक; वायरल वीडियो पर भड़के लोग, आरोपी गिरफ्तार
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मुंबई। मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-138 में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। फ्लाइट के अंदर एक यात्री को जब पैनिक अटैक आया तो एक अन्य सहयात्री ने उसे बिना किसी उकसावे के थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना फ्लाइट के अंदर मौजूद किसी यात्री ने कैमरे में कैद कर ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो के सामने आने के बाद देशभर में इस घटना को लेकर लोगों में गुस्सा है और इंडिगो एयरलाइंस ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की पुष्टि की है।

    युवक को आया पैनिक अटैक 

    घटना उस वक्त की है जब विमान टेक-ऑफ की तैयारी कर रहा था। तभी एक मुस्लिम यात्री को पैनिक अटैक आया। वह घबरा गया, जोर-जोर से रोने लगा और गलियारे में टहलते हुए विमान से उतरने की गुहार लगाने लगा। उसकी हालत देखकर क्रू मेंबर्स उसकी मदद के लिए तुरंत पहुंचे। वे उसे शांत करने की कोशिश कर ही रहे थे कि तभी सीट पर बैठा एक सहयात्री अचानक उठा और उस व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया।

    थप्पड़ के बाद और ज्यादा घबरा गया पीड़ित

    वीडियो में साफ नजर आता है कि थप्पड़ लगते ही पहले से डरा हुआ यात्री और ज्यादा पैनिक हो गया। वह जोर-जोर से रोने लगा। क्रू मेंबर्स भी एक पल के लिए घबरा गए और तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उस यात्री से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया। आरोपी यात्री ने जवाब दिया- "मुझे उससे परेशानी हो रही थी।"

    इस पर आसपास बैठे अन्य यात्रियों ने भी आरोपी की कड़ी आलोचना की और कहा कि किसी को हाथ उठाने का अधिकार नहीं है।

    Twitter Post

    फ्लाइट लैंड होते ही आरोपी गिरफ्तार

    थप्पड़ मारने वाले आरोपी की पहचान हाफिजुल रहमान के रूप में हुई है। फ्लाइट के कोलकाता पहुंचते ही उसे CISF के हवाले कर दिया गया और बाद में उसे एयरपोर्ट स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल पुलिस स्टेशन (NSCBI) ले जाया गया, जहां विधाननगर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

    इंडिगो एयरलाइंस ने जताया दुख

    घटना के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने X (पूर्व ट्विटर) पर बयान जारी करते हुए कहा - "हमें अपनी एक फ्लाइट में हुई इस मारपीट की घटना की जानकारी है। इस तरह का अनुशासनहीन और आक्रामक व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है। हम अपने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और सम्मान से समझौता करने वाले किसी भी कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं।"

    एयरलाइंस ने यह भी कहा कि फ्लाइट लैंड होते ही आरोपी यात्री को सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि क्रू मेंबर्स ने इस दौरान सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का पालन किया और संबंधित नियामक एजेंसियों को जानकारी दे दी गई है।

    सोशल मीडिया पर उठी कड़ी कार्रवाई की मांग

    जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, कई यूज़र्स ने नाराजगी जाहिर की। लोगों ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति परेशान है या असहज महसूस कर रहा है तो उसकी मदद करनी चाहिए, न कि उसे पीटना चाहिए।

    कई यूजर्स ने मांग की कि आरोपी यात्री को सभी फ्लाइट्स से नो-फ्लाई लिस्ट में डाला जाए ताकि वह भविष्य में किसी भी उड़ान में सफर न कर सके। कुछ ने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और विमानन कंपनियों को यात्रियों के व्यवहार पर और सख्त निगरानी रखनी चाहिए।

    ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के रियासी में लैंडस्लाइड : SDM राजिंदर सिंह और बेटे की मौत, पत्नी व दो अन्य घायल; बोलेरो पर गिरा भारी पत्थर

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts