ताजा खबरराष्ट्रीय

बेटे के बाद मां का भी कांग्रेस से मोह भंग… भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने छोड़ा कांग्रेस का हाथ, बीजेपी में हुईं शामिल

चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव का जैसे-जैसे समय नजदीक आता जा रहा है… कांग्रेस को एक के बाद एक बड़ा झटका लग रहा है। भारत की सबसे अमीर महिला और देश के टॉप अमीरों की लिस्ट में शामिल सावित्री जिंदल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में उनके बेटे नवीन जिंदल ने भी कांग्रेस छोड़ी थी और वह बीजेपी में शामिल हो गए थे।

जानें पार्टी छोड़ने का कारण

सावित्री जिंदल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी छोड़ने की जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा- “मैंने विधायक के रूप में 10 साल हिसार की जनता का प्रतिनिधित्व किया और मंत्री के रूप में हरियाणा प्रदेश की निस्वार्थ सेवा की है। हिसार की जनता ही मेरा परिवार है और मैं अपने परिवार की सलाह पर आज कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। कांग्रेस नेतृत्व के समर्थन के लिए व सभी साथियों का, जिन्होंने हमेशा मुझे अपना सहयोग और मान-सम्मान दिया, उनकी सदैव आभारी रहूंगी।”

कौन हैं सावित्री जिंदल ?

84 वर्षीय सावित्री जिंदल ओपी जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन हैं। वे 10 साल तक हिसार क्षेत्र से विधायक चुनी जा चुकी हैं। उन्होंने हरियात्रा सरकार में भी बतौर मंत्री काम किया है। वह 2005 में जिंदल समूह के फाउंडर और पति ओपी जिंदल की मौत के बाद वह हिसार से विधायक चुनी गई थी। साल 2006 में शहरी स्थानीय निकाय और आवास राज्य मंत्री थी। इसके बाद 2009 में भी वह हिसार विधानसभा से चुनाव जीतीं। 2013 में उन्हें हरियाणा में कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्ति मिली। हालांकि, साल 2014 में वह विधानसभा चुनाव हार गईं।

जानें कुल संपत्ति

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, 28 मार्च 2024 तक सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 29.6 बिलियन डॉलर है यानी करीब 2.47 लाख करोड़ रुपये। वह दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की सूची में 56वें स्थान पर हैं।

कई क्षेत्रों में फैला है ओपी जिंदल समूह कारोबार

जानकारी के मुताबिक, स्टील, एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर, सीमेंट, पेंट समेत कई क्षेत्रों में ओपी जिंदल समूह का कारोबार फैला हुआ है। उनकी कंपनी विदेश में भी कारोबार करती है।

सावित्री के बेटे नवीन ने भी छोड़ी कांग्रेस

हाल ही में बीजेपी जॉइन करने वाले सावित्री जिंदल के बेटे नवीन जिंदल भी पहले कांग्रेस में थे। जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (JSPL) के अध्यक्ष नवीन जिंदल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार को तौर पर कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से साल 2004 से 2009 और साल 2009 से 2014 तक कांग्रेस से सांसद रहे हैं।

हरियाणा में कब होंगे चुनाव

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर एक साथ ही मतदान होगा। यहां छठे चरण में 25 मई को मतदान कराया जाएगा। इसके साथ ही करनाल विधानसभा सीट पर भी इसी दिन मतदान कराया जाएगा। वहीं, 4 जून को पूरे देश के साथ यहां भी मतगणना होगी और परिणामों का ऐलान किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- शिवसेना के हुए गोविंदा, मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से लड़ सकते हैं चुनाव

संबंधित खबरें...

Back to top button