लाल किले से PM मोदी का ऐलान : आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू, युवाओं को कैसे मिलेंगे 15 हजार रुपए?

नई दिल्ली। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए एक बड़ी योजना की शुरुआत की। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PM-VBRY) के शुभारंभ की घोषणा की। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को पहली नौकरी दिलाने में मदद करना और कंपनियों को नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना का उद्देश्य और लाभ
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह योजना देश के युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर लेकर आई है। इसके तहत निजी क्षेत्र में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपए की वित्तीय सहायता मिलेगी। साथ ही, जो कंपनियां नए रोजगार पैदा करेंगी, उन्हें भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सरकार ने इस योजना के लिए 1 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जिससे लगभग 3.5 करोड़ युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
योजना के दो हिस्से- कर्मचारी और नियोक्ता दोनों को फायदा
इस योजना को दो भागों में बांटा गया है:
भाग A- पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारी के लिए प्रोत्साहन
- ईपीएफओ में पहली बार पंजीकृत कर्मचारियों को लक्षित किया गया है।
- अधिकतम 15,000 रुपए तक की राशि दो किश्तों में दी जाएगी- पहली किश्त 6 महीने की सेवा पूरी करने के बाद और दूसरी किश्त 12 महीने की सेवा एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने के बाद।
- यह राशि सीधे कर्मचारी के बैंक खाते में जमा होगी, जिसमें एक हिस्सा बचत खाते में सुरक्षित रखा जाएगा।
भाग B- नियोक्ताओं के लिए प्रोत्साहन
- नियोक्ताओं को 1 लाख रुपए तक के वेतन वाले नए कर्मचारियों के लिए 2 साल तक 3,000 रुपए प्रति माह तक का प्रोत्साहन मिलेगा।
- विनिर्माण क्षेत्र के लिए यह प्रोत्साहन तीसरे और चौथे वर्ष तक भी बढ़ाया जाएगा।
- छोटे नियोक्ताओं (50 से कम कर्मचारी) को कम से कम 2 नए कर्मचारी और बड़े नियोक्ताओं को कम से कम 5 नए कर्मचारी जोड़ने होंगे।
आवेदन और पात्रता
- कर्मचारी के लिए: कोई अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं है। जिस कंपनी में आप पहली बार नौकरी करेंगे, वही आपका विवरण योजना में भेजेगी।
- नियोक्ता के लिए: EPFO पोर्टल पर ECR (Electronic Challan-cum-Return) के माध्यम से कर्मचारी का सही विवरण दर्ज करना होगा।
- पात्रता में उम्र 18–60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और बैंक खाता आधार एवं NPCI से लिंक होना चाहिए।
प्रधानमंत्री का युवाओं के लिए संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "देश के नौजवानों के लिए खुशखबरी लेकर आया हूं। आज 15 अगस्त से 1 लाख करोड़ रुपए की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू हो रही है। यह योजना न सिर्फ युवाओं को पहली नौकरी दिलाएगी बल्कि कंपनियों को भी नए रोजगार देने के लिए प्रेरित करेगी।"
उन्होंने युवाओं से वोकल फॉर लोकल का मंत्र अपनाने की अपील की और कहा कि जैसे कोटि-कोटि लोगों के बलिदान से स्वतंत्र भारत बना, वैसे ही सामूहिक संकल्प से समृद्ध भारत भी बन सकता है।
आर्थिक और सामाजिक प्रभाव
यह योजना देश में रोजगार की संस्कृति को मजबूत करने, युवाओं के आत्मनिर्भर बनने और निजी क्षेत्र में रोजगार अवसरों को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह पहल न केवल बेरोजगारी कम करेगी बल्कि औद्योगिक उत्पादन और बाजार की मांग में भी वृद्धि करेगी।
ये भी पढ़ें: Independence Day 2025 : PM मोदी ने 12वीं बार लाल किले से फहराया तिरंगा, ऐलान- दीवाली पर मिलेगा बहुत बड़ा तोहफा











