PlayBreaking News

‘कभी भी हो सकता है धमाका...’नीदरलैंड-हैदराबाद फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट; 4 दिन में तीसरी घटना

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एम्सटर्डम से आ रही कुआलालंपुर एयरवेज फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल मिलने के बाद एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पिछले चार दिनों में यह तीसरी धमकी है। सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर तलाशी ली गई।
Follow on Google News
नीदरलैंड-हैदराबाद फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट; 4 दिन में तीसरी घटना
AI Image

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बार फिर बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एम्सटर्डम से हैदराबाद आ रही कुआलालंपुर एयरवेज की फ्लाइट को ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में दावा किया गया कि, प्लेन में बम है, जो कभी भी फट सकता है। धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। पूरे एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और इमरजेंसी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए।

सुरक्षित उतरा विमान, आइसोलेशन बे में भेजा गया

धमकी के बाद फ्लाइट ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के उतरते ही उसे मुख्य टर्मिनल से दूर आइसोलेशन बे में भेज दिया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों और तकनीकी टीमों ने उसकी सघन जांच शुरू कर दी। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान के हर हिस्से की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।

ईमेल में क्या लिखा था?

अज्ञात शख्स द्वारा भेजे गए ईमेल में दावा किया गया था कि, नीदरलैंड के एम्सटर्डम से आ रही कुआलालंपुर एयरवेज की फ्लाइट में बम रखा गया है। मेल में यह भी कहा गया कि, फ्लाइट को उसके पहुंचने से पहले ही बम से उड़ा दिया जाएगा। इस धमकी के बाद यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई।

Breaking News

4 दिन में तीसरी धमकी

हैदराबाद एयरपोर्ट को पिछले चार दिनों में लगातार तीसरी बार बम की धमकी मिली है।

शुक्रवार को लुफ्थांसा फ्लाइट को निशाना बनाया गया : सबसे पहले शुक्रवार को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से आने वाली लुफ्थांसा की फ्लाइट को लेकर धमकी भरा ईमेल मिला था। मेल में दावा किया गया था कि विमान में बम लगाया गया है और शमशाबाद पहुंचने से पहले विस्फोट हो जाएगा।

शनिवार को एयरएशिया फ्लाइट को धमकी : इसके अगले दिन मलेशिया से हैदराबाद आ रही AirAsia की फ्लाइट को उड़ाने की धमकी दी गई। उस ईमेल में भी कहा गया था कि विमान लैंडिंग से पहले ही हवा में उड़ा दिया जाएगा।

अब रविवार को कुआलालंपुर एयरवेज की फ्लाइट को लेकर नई धमकी सामने आई है।

जनवरी में भी मिल चुकी है धमकी

इस साल जनवरी में भी हैदराबाद एयरपोर्ट को बम धमकी मिली थी। उस समय शारजाह से आने वाली IndiGo की फ्लाइट 6E-1422 को निशाना बनाया गया था। हालांकि, उस दौरान भी विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई थी और जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला था।

Featured News

अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी है। यात्रियों की स्क्रीनिंग और सामान की जांच पहले से ज्यादा सख्त कर दी गई है। बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वायड की टीम एयरपोर्ट के संवेदनशील इलाकों की जांच में जुटी हुई है। साथ ही साइबर और जांच एजेंसियां धमकी भरे ईमेल भेजने वाले का आईपी एड्रेस और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही हैं।

बम धमकी मिलने पर क्या होता है प्रोटोकॉल?

जब किसी फ्लाइट में बम होने की सूचना मिलती है, तो विमान को निर्धारित एयरपोर्ट के बजाय नजदीकी सुरक्षित हवाई अड्डे या अलग आइसोलेशन एरिया में उतारा जाता है। इसके बाद विमान की पूरी तलाशी ली जाती है, यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जाता है और सुरक्षा जांच पूरी होने तक विमान को उड़ान की अनुमति नहीं दी जाती। 

फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन, CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। अभी तक किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts