हरदा में DAP खाद की किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, अधिकारी भी नहीं कर पाए टोकन बुक

हरदा। जिले में DAP खाद की किल्लत को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को कृषि कार्यालय का घेराव किया। जिला अध्यक्ष मोहन साईं के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान कार्यालय पहुंचे। यहां परिसर में जमीन पर बैठकर नारेबाजी की और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान उपसंचालक कृषि प्रकाश ठाकुर किसानों से मिलने पहुंचे। किसानों ने उन्हें बताया कि वे कई दिनों से DAP खाद के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन टोकन बुक नहीं हो पा रहा है। उनका कहना था कि पोर्टल पर बार-बार खाद का स्टॉक दिखाई नहीं देता, जिसके कारण उन्हें बिना खाद लिए लौटना पड़ रहा है।
अधिकारी के सामने भी नहीं हुआ DAP का टोकन बुक
किसानों ने बताया कि रबी सीजन में चने की बुआई के लिए सिंचाई शुरू हो चुकी है। ऐसे में समय पर खाद नहीं मिला तो बुआई के काम में परेशानी आ सकती है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने उपसंचालक कृषि से कहा कि वे DAP का एक टोकन बुक करके दिखा दें, इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वापस चले जाएंगे। इस पर उपसंचालक ने अधीनस्थ अधिकारी को टोकन बुक करने के निर्देश दिए, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
रिटेलर का नाम पोर्टल पर दिखाई नहीं दे रहा था। यह प्रक्रिया किसानों, कृषि अधिकारियों और मीडिया की मौजूदगी में हुई। इसके बाद मोहन साईं ने कहा कि जब अधिकारियों के सामने ही टोकन बुक नहीं हो पा रहा है, तो आम किसानों को कितनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा होगा। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस किसानों की समस्या के समय उनके साथ खड़ी है।
शुक्रवार से खाद वितरण बहाल होने का दावा
प्रदर्शन के दौरान उपसंचालक कृषि प्रकाश ठाकुर ने बताया कि DAP खाद की रैक आने की बात है। उन्होंने दावा किया कि शुक्रवार से खाद वितरण व्यवस्था फिर से शुरू हो जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मंगलवार को करीब 10 हजार टोकन बुक किए गए थे। इनमें यूरिया के लगभग 8 हजार और DAP के करीब 2 हजार टोकन शामिल थे।
खाद नहीं मिला तो शनिवार को फिर होगा प्रदर्शन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार से किसानों को पर्याप्त मात्रा में DAP खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को फिर कृषि कार्यालय पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद मिलने तक कार्यालय में डटे रहेंगे। प्रदर्शन के दौरान सोनतलाई ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र विश्नोई, हरदा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास, जिला महासचिव सूरजसिंह राजपूत, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ बिश्नोई, विजय सुरमा, प्रेरक सारन, मनोज साईं, हेमंत, अनिल विश्नोई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।




















