विधायक पन्नालाल शाक्य का तंज-कलेक्टर अतिक्रमण तोड़ रहे थे, ऊपर से घंटी बज गई...ये क्या कर रहे हो?

राजकुमार रजक, गुना। केंद्रीय मंत्री एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछले दिनों अधिकारियों की बैठक लेकर दशहरे से पहले पूरे शहर की सडकों को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। शहर के अलग-अलग वार्डों में नालियों और सड़कों पर बने अवैध निर्माण ध्वस्त किए जा रहे हैं। इस बीच अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने जो बयान दिया, उससे प्रशासनिक हलके में हलचल मच गई है।
नगर पालिका ने लगाया था कैंप
नगर पालिका में आयोजित एक शिविर में शाक्य ने कलेक्टर की कार्रवाई पर तंज किया। विधायक ने मुस्कुराते हुए कहा-अपने जिले में तो जिलाधीश महोदय बड़े मेहरबान हैं, जब चाहे कैंप लगवा देते हैं। कल वो शहर में सफाई करा रहे थे और अतिक्रमण तोड़ रहे थे, फिर अचानक ऊपर से घंटी बज गई कि ये क्या कर रहे हो?
मेरे सामने अंग्रेजी मत झाड़ो, संडे-मंडे नहीं इतवार बोलो
शिविर में हितग्राहियों की कम मौजूदगी और संडे को कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में पत्रकारों ने सवाल किया तो विधायक ने कहा— हमें नहीं मालूम संडे-मंडे क्या होता है। आज तो रविवार, इतवार है। मेरे सामने हमेशा हिंदी में ही बात किया करो।
पहले कलेक्टर से कहा था-पहले धरातल पर काम दिखाओ
यह पहला मौका नहीं है जब विधायक शाक्य ने कलेक्टर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हों। इससे पूर्व सार्वजनिक मंच से कलेक्टर को सीधे संबोधित करते हुए उन्होंने तल्ख लहजे में कहा था लोग आपकी तारीफों के कसीदे पढ़ रहे हैं और कह रहे हैं कि आप सांसद बनो। लेकिन मेरा कहना है कि सांसद बाद में बनना, पहले गुना के लिए धरातल पर कुछ ठोस करके दिखाओ। आपके पास दिल्ली और भोपाल से बड़े-बड़े फोन आएंगे, लेकिन आपको परिणाम देने होंगे।




















