Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रूस-नाटो तनाव के बीच फ्रांस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, नई M51.3 परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल का पहला टेस्ट सफल

ब्रिटनी तट से बिना वारहेड के लॉन्च हुई M51.3 SLBM, सबमरीन ले विजिलेंट की क्षमता का हुआ सत्यापन, राष्ट्रपति मैक्रां बोले - स्पष्ट संदेश भेजा गया। विशेषज्ञ बोले-मिसाइल की रेंज 9000 किमी से ज्यादा।
रूस-नाटो तनाव के बीच फ्रांस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, नई M51.3 परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल का पहला टेस्ट सफल
फ्रांस ने किया M51.3 परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल का पहला टेस्ट सफल

पेरिस। रूस के साथ बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच फ्रांस ने अपनी नई जनरेशन की M51.3 पनडुब्बी से लॉन्च होने वाली बैलिस्टिक मिसाइल (SLBM) का पहला परीक्षण किया। फ्रांस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह M51.3 मिसाइल बिना परमाणु हथियार के थी और इसे ब्रिटनी तट से दागा गया। यह परीक्षण परमाणु ऊर्जा से चलने वाली बैलिस्टिक मिसाइल सबमरीन 'ले विजिलेंट' के बड़े रखरखाव के बाद इस हथियार को तैनात करने की उसकी क्षमता को प्रमाणित करने के अभियान का हिस्सा था। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि मिसाइल का प्रक्षेपण बिना किसी पेलोड के और फ्रांस के अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का पूरी तरह पालन करते हुए किया गया।

X Post

 कलिनिनग्राद पर रूस ने दी थी परमाणु हमले की धमकी

यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब कुछ दिन पहले ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन मुद्दे पर तनाव बढ़ाने को लेकर पश्चिम को चेतावनी दी थी। इसमें उन्होंने रूसी एन्क्लेव कलिनिनग्राद का जिक्र किया था। क्रेमलिन ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर वह पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित इस क्षेत्र की रक्षा परमाणु हथियारों से करेगा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां ने इस सफल प्रक्षेपण की सराहना करते हुए कहा कि "एक स्पष्ट संदेश भेजा गया है, जिसे हर जगह पहुंचाया जाना चाहिए।"

मैक्रां ने देखा परीक्षण

एक्स पर एक पोस्ट में लॉन्च को देखते हुए मैक्रां ने बताया कि उन्होंने मल्टी-मिशन फ्रिगेट औवेर्गने पर सवार होकर ले विजिलेंट से M51.3 बैलिस्टिक मिसाइल का पहला प्रक्षेपण देखा। मैक्रां ने कहा, बहुत कम देशों के पास ऐसी विशेषज्ञता है  और इस "असाधारण उपलब्धि" के लिए DGA, CEA, एरियन ग्रुप, नेवल ग्रुप और फ्रेंच नेवी को बधाई दी। उन्होंने आगे कहा, यह तकनीकी सफलता हमारी प्रतिरोधक क्षमता की विश्वसनीयता का एक नया प्रमाण है, जिसकी निरंतरता सुनिश्चित है। स्वतंत्र रहने के लिए  भयभीत होना आवश्यक है और खौफ पैदा करने के लिए शक्तिशाली होना जरूरी है।

2017 से तैयारी कर रहा फ्रांस

मैक्रां ने कहा कि फ्रांस ने लंबे समय के खतरों से देश की सुरक्षा के लिए 2017 में अपनी स्ट्रैटेजिक क्षमताओं का नवीनीकरण शुरू किया था। उन्होंने बताया कि रक्षा बजट एक दशक में दोगुना हो जाएगा। मैक्रां ने कहा, हमारी परमाणु प्रतिरोधक क्षमता हमारी रक्षा करती है और करती रहेगी। M51.3, M51 मिसाइल फैमिली का लेटेस्ट वर्जन है और फ्रांस की परमाणु प्रतिरोधक क्षमता के मॉडर्नाइजेशन के तहत अक्टूबर 2025 में सर्विस में आया।

रेंज का खुलासा नहीं किया

पेरिस ने M51.3 की रेंज का खुलासा नहीं किया है। वैसे रॉयटर्स के अनुसार, M51 फैमिली के लिए पब्लिकली उपलब्ध अनुमानों में इसकी मारक क्षमता लगभग 9,000 किमी या उससे अधिक है। वहीं, फ्रेंच अधिकारियों का कहना है कि लेटेस्ट वर्जन इससे भी ज्यादा दूरी तय कर सकता है। फ्रांस के पास हवा और समुद्र से दागे जाने वाले हथियारों पर आधारित परमाणु हथियार भंडार है। इनमें चार बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियां उसकी समुद्र-आधारित परमाणु प्रतिरोधक क्षमता की रीढ़ हैं।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts