ट्रंप की बेटी टिफनी का भारत दौरा:पति माइकल संग अक्षरधाम और ताज महल की भव्यता देख हुईं मुरीद

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप इन दिनों अपने निजी भारत दौरे पर हैं। भारत पहुंचने के बाद वे अपने पति माइकल बौलोस और कुछ दोस्तों के साथ दिल्ली के प्रसिद्ध स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया। टिफनी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस यात्रा की तस्वीरें और अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा कि अक्षरधाम मंदिर का भ्रमण उनके लिए बेहद खास रहा और यहां की संस्कृति व विरासत ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने मंदिर के भव्य निर्माण और आध्यात्मिक वातावरण की भी प्रशंसा की।
अक्षरधाम मंदिर ने भी साझा की जानकारी
टिफनी ट्रंप की इस यात्रा की जानकारी अक्षरधाम मंदिर प्रशासन ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से दी। मंदिर की ओर से कहा गया कि उनके लिए टिफनी ट्रंप, माइकल बूलोस और उनके मित्रों का स्वागत करना सम्मान की बात रही। मंदिर प्रशासन ने कहा कि यह दिन संस्कृति और विरासत को समझने और साझा करने का एक सुंदर अवसर था। इस दौरान मेहमानों को भारतीय परंपराओं और मंदिर की विशेषताओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें: 200 Years of Hindi Journalism: उदन्त-मार्त्तण्ड से AI तक हिंदी पत्रकारिता की बदलती तस्वीर
भारत में अमेरिकी राजदूत ने किया स्वागत
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी टिफनी ट्रंप और माइकल बूलोस का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दोनों को भारत आने पर शुभकामनाएं दीं। टिफनी की यात्रा को लेकर अमेरिकी और भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स के बीच भी काफी चर्चा देखने को मिली। कई लोगों ने इसे भारत और अमेरिका के सांस्कृतिक संबंधों से जोड़कर देखा।
कौन हैं टिफनी ट्रंप?
टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मार्ला मेपल्स की बेटी हैं। वह ट्रंप परिवार की चर्चित सदस्यों में से एक हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में Georgetown University Law Center से कानून की पढ़ाई पूरी की और ज्यूरिस डॉक्टर (Juris Doctor) की डिग्री हासिल की। इसके अलावा उन्होंने कई चुनावी अभियानों में अपने पिता का समर्थन भी किया।
टिफनी ने वर्ष 2016, 2020 और 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के दौरान प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और कई सार्वजनिक सभाओं में भी नजर आईं। राजनीति के अलावा वह संगीत और सोशल मीडिया गतिविधियों के कारण भी चर्चा में रहती हैं।
यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी पर RSS का पहला रिएक्शन : कहा- लोकतंत्र में हर आवाज के लिए जगह, Gen Z को देश पर भरोसा
कौन हैं माइकल बूलोस?
टिफनी ट्रंप के पति माइकल बूलोस एक अमेरिकी-लेबनानी व्यवसायी हैं। उनका परिवार अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़ा हुआ है। टिफनी और माइकल की मुलाकात कुछ वर्ष पहले हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध मजबूत हुए। दोनों ने नवंबर 2022 में विवाह किया था। शादी अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित ट्रंप परिवार की संपत्ति में आयोजित की गई थी। तब से यह जोड़ी अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों और पारिवारिक आयोजनों में साथ दिखाई देती है।
ताजमहल का भी किया दौरा
दिल्ली प्रवास के बाद टिफनी ट्रंप का अगला पड़ाव आगरा रहा। जानकारी के अनुसार, वह लगभग 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ विश्व प्रसिद्ध ताज महल का दौरा किया। उनका कार्यक्रम है कि वे दिल्ली से चार्टर्ड विमान के जरिए आगरा पहुंची और वहां ताजमहल का भ्रमण किया। ताजमहल दुनिया के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में गिना जाता है और हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं। टिफनी की यात्रा को लेकर स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी तैयारियों में जुटी हुई हैं।
हाल ही में ताजमहल को लेकर हुआ था विवाद
टिफनी ट्रंप के आगरा दौरे से पहले ताजमहल प्रबंधन को लेकर एक विवाद भी चर्चा में रहा था। कुछ दिनों पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ताजमहल देखने आगरा पहुंचे थे। उस दौरान सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आम पर्यटकों के प्रवेश को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। बताया गया कि इससे बड़ी संख्या में पर्यटकों को भीषण गर्मी में इंतजार करना पड़ा। इस फैसले को लेकर कई लोगों ने सवाल भी उठाए थे।
भारत की संस्कृति से प्रभावित दिखीं टिफनी
भारत दौरे के शुरुआती चरण में ही टिफनी ट्रंप भारतीय संस्कृति और विरासत से प्रभावित नजर आई हैं। अक्षरधाम मंदिर की भव्यता, आध्यात्मिक वातावरण और भारतीय परंपराओं ने उन पर गहरी छाप छोड़ी है।











