Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

धार में मिर्ची व्यापारी की हत्या :आधी रात घर में घुसे बदमाश, पत्नी को बनाया बंधक; लाखों के जेवर लूटे

मध्य प्रदेश के धार जिले के सरदारपुर में देर रात बदमाशों ने मिर्च कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या कर दी। आरोपियों ने पत्नी को कमरे में बंद कर लाखों के आभूषण और नकदी लूट ली। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं मिला है।
आधी रात घर में घुसे बदमाश, पत्नी को बनाया बंधक; लाखों के जेवर लूटे
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सरदारपुर क्षेत्र के एक गांव में हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए और मिर्च कारोबारी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के दौरान बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया और घर में जमकर लूटपाट की। घटना के बाद गांव में डर और गुस्से का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

    सरदारपुर में मिर्च कारोबारी की हत्या

    धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में स्थित गोंदीखेड़ा चारण गांव में सोमवार देर रात एक मिर्च व्यापारी की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवकृष्ण पुरोहित (पुत्र लक्ष्मण पुरोहित) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच 8 से 10 बदमाश हथियारों के साथ देवकृष्ण पुरोहित के घर में घुस आए। उस समय व्यापारी अपनी पत्नी के साथ घर के कमरे में सो रहे थे। बदमाश सीधे उसी कमरे में पहुंचे और दोनों को बंधक बना लिया।

    पत्नी को कमरे में बंद कर दिया

    घटना के दौरान बदमाशों ने पहले पति-पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने देवकृष्ण की पत्नी को जबरन दूसरे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी देवकृष्ण को दूसरे कमरे में ले गए और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और लगातार हमला करते रहे। हमले में देवकृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गए और ज्यादा खून बहने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई।

    Featured News

    इलाज के दौरान हुई मौत

    घटना के बाद घर में मौजूद अन्य लोगों को जब शोर-शराबा सुनाई दिया तो वे जाग गए, लेकिन हथियारों से लैस बदमाशों के सामने कोई कुछ नहीं कर सका। वारदात के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल देवकृष्ण पुरोहित को इलाज के लिए सरदारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरदारपुर सिविल अस्पताल भेज दिया।

    घर का सामान अस्त-व्यस्त, लाखों की लूट

    पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने घर में जमकर लूटपाट की। घटना के दौरान आरोपियों ने घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और अलमारी व अन्य जगहों की तलाशी ली। बताया जा रहा है कि, बदमाश घर से लाखों रुपए के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाश कितने थे और वे कुल कितना सामान लूटकर ले गए।

    पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। धार से एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर, सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, राजोद थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके का निरीक्षण किया। एएसपी पारुल बेलापुरकर के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

    Breaking News

    पत्नी के बयान का इंतजार

    पुलिस के अनुसार, घटना के समय व्यापारी की पत्नी को कमरे में बंद कर दिया गया था, इसलिए वह काफी डरी हुई है। अभी तक पुलिस उनके विस्तृत बयान दर्ज नहीं कर पाई है। पुलिस का मानना है कि, उनके बयान से घटना के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

    गांव में दहशत और गुस्से का माहौल

    इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि, जिले में लगातार बढ़ रही लूट और हत्या की घटनाओं से लोग भयभीत हैं।

    पुलिस की देरी पर भी उठे सवाल

    घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि, सूचना देने के बाद पुलिस देर से मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    फिलहाल पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल से सबूत जुटा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts