Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: आग के बाद मचा हड़कंप; तीन मजदूरों की मौत

देवास के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग और धमाकों से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री का मलबा और शव सड़क तक जा पहुंचे। प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर जांच के आदेश दिए हैं।
आग के बाद मचा हड़कंप; तीन मजदूरों की मौत

देवास -  देवास के समीप टोंककला के समीप एबी रोड पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार सुबह हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। फैक्ट्री में अचानक लगी आग के बाद एक के बाद एक जोरदार धमाके होते रहे, जिससे आसपास कई किलोमीटर तक कंपन महसूस किया गया। हादसे में अब तक तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 23 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। कई घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके इतने शक्तिशाली थे कि फैक्ट्री के टीन शेड हवा में उड़कर एबी रोड तक जा पहुंचे। विस्फोट का मंजर इतना भयावह था कि सड़क पर दूर-दूर तक मलबा फैल गया। कुछ शव और मांस के लोथड़े तक सड़क तक आ गिरे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

और पढ़ें: CBI Director Extension : सीबीआई डायरेक्टर प्रवीण सूद को मिला एक्सटेंशन, एक साल के लिए बढ़ाया कार्यकाल

घटना के बाद फैक्ट्री परिसर से लगातार काला धुआं उठता रहा। आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के कारण कोई भी फैक्ट्री के करीब जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में बारूद और तैयार पटाखे रखे हुए थे, जिसकी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में काम कर रहे कई श्रमिक बिहार के रहने वाले हैं। हादसे के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। विस्फोट के बाद कई लोग आग की चपेट में आ गए और कुछ मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।

और पढ़ें: UP में कुदरत का कहर! आंधी-बारिश और बिजली से 85 से ज्यादा लोगों की मौत, CM योगी ने दिए मुआवजे के निर्देश

सूचना मिलते ही देवास जिला प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासन ने तुरंत फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर भेजीं। आग बुझाने के दौरान भी बीच-बीच में धमाके होते रहे, जिससे राहत कार्य में काफी दिक्कत आई।

 

गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल देवास भेजा गया। अस्पताल में इमरजेंसी व्यवस्था बढ़ा दी गई है। डॉक्टरों की अतिरिक्त टीम तैनात की गई है और कई घायलों का इलाज आईसीयू में चल रहा है। बताया गया कि सुबह करीब 11:25 बजे पहला गंभीर घायल अस्पताल पहुंचा था, जिसके बाद लगातार घायलों को लाया जाता रहा। प्रशासन फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने में जुटा है। फैक्ट्री परिसर में अब भी बारूद और विस्फोटक सामग्री मौजूद होने के कारण पुलिस ने आसपास का इलाका खाली करा दिया है। मौके पर बम निरोधक और तकनीकी टीमों को भी सतर्क रखा गया है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।

खबर लगातार अपडेट हो रही हैं- 

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts