राष्ट्रीय

Delhi MCD Election 2022: दिल्ली की शहर सरकार चुनने पोलिंग बूथों पर भीड़, सर्द मौसम में चुनावी गर्माहट

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनावों के लिए रविवार सुबह से वोटिंग जारी है। ठंड के बावजूद वोटरों का उत्साह चरम पर है। सुबह की गुनगुनी धूप के बीच लोगों का लगातार पोलिंग बूथों पर पहुंचना जारी है। हर वर्ग के लोगों की मतदान केंद्रों पर लाइन दिख रही है। बुजुर्ग भी मतदान में पीछे नहीं हैं। आयोग ने मतदान के लिए 13,638 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का नाम लिस्ट से गायब

इस बीच दल्लुपुरा के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने वोटर लिस्ट से नाम हटाने के आरोप लगाए। उन्होंन कहा – मेरा नाम न तो वोटर लिस्ट में है और न ही हटाए गए लोगों की लिस्ट में है।

250 वार्डों से 1,349 उम्मीदवार

MCD निकाय चुनाव में 250 वाॅर्डों में कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन्हें वोट देने के लिए 1.45 करोड़ से ज्यादा वोटर शाम तक मतदान कर सकते हैं। दिल्ली नगर निगम के चुनाव ईवीएम (EVM) से हो रहे हैं। बताते चलें कि दिल्ली नगर निगम दुनिया के सबसे बड़े निकायों में से एक है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार यहां पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की संख्या 95,458 है।
250 वार्डों के लिए मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ। शाम 5:30 बजे तक वोटिंग समाप्त होगी। वोटों की गिनती 7 दिसंबर को होगी।

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने रघुबीर नगर के एक मतदान केंद्र पर DelhiMCDElection2022 के लिए वोट डाला। उन्होंने लोगों से घरों से बाहर निकलने और मतदान करने की अपील की। अलका ने कहा-  लोगों को बदलाव के लिए मतदान करना चाहिए।

माकन बोले- जो आपके लिए उपलब्ध हो उसे वोट दें

कांग्रेस नेता अजय माकन ने दिल्ली नगर निगम (MCD Polls) चुनाव के लिए राजौरी गार्डन के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने लोगों से उम्मीदवारों को देखकर मतदान करने का आग्रह किया। माकन के साथ उनकी पत्नी राधिका माकन भी वोट डालने पहुंचीं थीं। उन्होंने कहा- कांग्रेस के उम्मीदवार अच्छे हैं। लोगों को उस उम्मीदवार को वोट देना चाहिए जो चुनाव के बाद भी उनके लिए उपलब्ध रहे।

15 साल में भाजपा का काम देखा : हर्षवर्धन

वोट डालने पहुंचे पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा-  मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग वोट डालेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ( BJP) ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उम्मीद है कि लोग उसी के अनुसार मतदान करेंगे। दिल्ली ने पिछले 15 वर्षों में भाजपा का काम देखा है।

कई केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने किया प्रचार

दिल्ली में भाजपा ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी। यहां कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने चुनाव प्रचार किया था। इनमें योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्‌टर, हिमंत बिस्व सरमा जैसे नेता प्रमुख रहे। यही नहीं, तमाम बड़े नेता घर-घर प्रचार करने के साथ ही सड़कों पर दिखे। आम आदमी पार्टी प्रमुख और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ आप के भी सभी नेता दिल्ली एमसीडी पर कब्जा जमाने प्रचार में पूरी ताकत से जुटे रहे।

Indian Navy Day: 4 दिसंबर को क्यों मनाते हैं नौसेना दिवस, 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर जीत से है संबंध

संबंधित खबरें...

Back to top button