Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हादसा :मुरादाबाद में बस ने टेंपो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

मुरादाबाद में बस ने टेंपो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक भयानक सड़क हादसा हो गया। रोडवेज बस ने एक ऑटो (टेंपो) को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा रविवार को कटघर थाना क्षेत्र में हाईवे-9 के जीरो प्वाइंट के पास हुआ।

    शादी समारोह में जा रहा था परिवार

    अब्दुल्लापुर गांव के रहने वाले ऑटो चालक माटी उर्फ संजू अपने परिवार के साथ रफतपुर कटघर में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। तभी मूंडापांडे इलाके के पास सामने से तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग ऑटो में फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने 5 लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया और एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

    पुलिस के अनुसार टक्कर मारने वाली बस मेरठ डिपो की थी। हादसे में जिन 6 लोगों की मौत हुई, उनके नाम इस प्रकार हैं-

    • सुमन (30)
    • सीमा (35), पत्नी करण सिंह
    • संजू सिंह (30), पुत्र मुन्ना सिंह
    • अभय (15), पुत्र ओमवीर
    • आरती (20), पुत्री मुरारी
    • अनाया सिंह, पुत्री करण सिंह

    घायल हुए लोग-

    • करण सिंह
    • रानी (17), पुत्री मुरारी
    • झलक (15), पुत्री ओमवीर
    • अंशू (18), पुत्री ओमवीर
    • अनुष्का (9), पुत्री दिनेश

    सीएम योगी ने लिया संज्ञान

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को तुरंत मौके पर जाकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने को कहा।

    डॉक्टरों और एंबुलेंस टीम का बयान

    मुरादाबाद के सीएमओ डॉ. कुलदीप ने बताया कि घायल करण सिंह का सीटी स्कैन किया जा रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। एंबुलेंस टीम ने बताया कि सूचना मिलते ही दो एंबुलेंस तुरंत मौके पर भेजी गईं। हादसा काफी भीषण था, लेकिन समय पर सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

    फरार बस चालक की तलाश

    एसपी सिटी कुमार रणवीर सिंह ने बताया कि ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और शादी में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस चालक हादसे के बाद फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

    Latest Posts