दक्षिण भारत की ओर बढ़ा साइक्लोन ‘दितवाह’ :तमिलनाडु-पुडुचेरी में रेड अलर्ट, कई उड़ानें रद्द; श्रीलंका में 150 लोगों की मौत

Follow on Google News
तमिलनाडु-पुडुचेरी में रेड अलर्ट, कई उड़ानें रद्द; श्रीलंका में 150 लोगों की मौत
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    चेन्नई। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के बेहद करीब पहुंच गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने पूरे क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी किया है। तूफान की बढ़ती सक्रियता के कारण कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और समुद्र में उफान देखने को मिल रहा है। IMD का कहना है कि, दितवाह की रफ्तार भले धीमी है, लेकिन तट के बिल्कुल समानांतर बढ़ने के कारण इसका प्रभाव और खतरनाक हो सकता है।

    तूफान की वर्तमान स्थिति

    IMD के 29 नवंबर रात 11:30 बजे के अनुसार, चक्रवात 10.7°N लैटीट्यूड और 80.6°E लॉन्गीट्यूड के पास केंद्रित था। यह स्थान वेदारण्यम से 90 किमी उत्तर-पूर्व, कराईकल से 90 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, पुडुचेरी से 160 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से लगभग 260 किमी दक्षिण में था।

    अगले 24 घंटों में इसके उत्तर की ओर बढ़ते हुए तमिलनाडु-पुडुचेरी तट के लगभग समानांतर गुजरने की संभावना है। रविवार सुबह यह तट से 50 किमी, जबकि शाम तक 25 किमी की न्यूनतम दूरी से गुजर सकता है। तूफान की तेज हवाओं की रफ्तार 70-80 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई है। IMD ने कहा कि, अगर बारिश और समुद्री लहरें बढ़ती हैं, तो समुद्र तल 0.5-1 मीटर तक ऊपर उठ सकता है, जिससे निचले तटीय इलाकों में पानी भर सकता है।

    Twitter Post

    कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

    IMD ने कई क्षेत्रों के लिए बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें पुडुचेरी-कराईकल, कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू शामिल है। दक्षिण तटीय जिलों में बारिश पहले ही तेज हो चुकी है और चक्रवात के और करीब आने से हालात और बिगड़ने की आशंका है।

    IMD प्रमुख एम. महापात्रा के अनुसान, हवा की रफ्तार बहुत अधिक नहीं है, लेकिन धीमी गति और तट के करीब मौजूदगी इसे खतरनाक बनाती है। खड़ी फसलों और तटीय ढांचों को नुकसान हो सकता है।

    राज्य सरकार की तैयारी

    तमिलनाडु सरकार ने चक्रवात से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की है। मुख्य कदम-

    • 28 डिजास्टर रिस्पॉन्स टीमें तैनात।
    • 6,000 राहत शिविर तैयार।
    • तटीय जिलों में निगरानी बढ़ाई गई।
    • प्रशासन लगातार इमरजेंसी प्लान की समीक्षा कर रहा है।

    गुजरात के वडोदरा से NDRF की 5 टीमों को एयरलिफ्ट करके चेन्नई भेजा गया है। ये टीमें फ्लड वाटर रेस्क्यू और CSSR उपकरण से लैस हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत-बचाव अभियान शुरू कर सकती हैं।

    चेन्नई और तटीय इलाकों में बिगड़ी स्थिति

    चेन्नई और आसपास के तटीय क्षेत्रों में शनिवार से ही लगातार बारिश और तेज हवाएं जारी हैं। शनिवार को 54 उड़ानें रद्द की गईं, रविवार के लिए 47 और उड़ानें रद्द हुईं। इनमें 36 घरेलू और 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं।

    रेलवे ने स्थिति की निगरानी हेतु स्पेशल वॉर रूम बनाया है। जरूरत पड़ने पर ट्रैक मरम्मत के लिए टीमें तैयार हैं। यात्रियों को एयरलाइंस से अपडेट लेकर ही एयरपोर्ट आने की सलाह दी गई है।

    श्रीलंका में दितवाह से तबाही

    चक्रवात दितवाह का सबसे खतरनाक असर श्रीलंका में देखने को मिला। जहां 153 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 200 लोग लापता है। कई इलाकों में भूस्खलन, बाढ़ और भारी तबाही के बीच सरकार ने देशभर में इमरजेंसी लागू कर दी है। दर्जनों इलाके पानी में डूबे हैं। एयर ट्रैफिक ठप हो गया, उड़ानें रद्द की गईं। हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए।

    भारत ने श्रीलंका में फंसे भारतीयों की मदद के लिए आपातकालीन हेल्पडेस्क शुरू किया है। कोलंबो एयरपोर्ट पर भारतीय हाई कमीशन भोजन, सहायता और दस्तावेजी समर्थन प्रदान कर रहा है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts