क्या लौट रहा है कोरोना...? नए वैरिएंट पर ICMR ने तोड़ी चुप्पी, बताया कितना है खतरनाक

क्या लौट रहा है कोरोना...? नए वैरिएंट पर ICMR ने तोड़ी चुप्पी, बताया कितना है खतरनाक
देश में कोरोना वायरस ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1000 से अधिक हो चुकी है। अकेले दिल्ली में फिलहाल 99 एक्टिव केस हैं, जबकि केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी नए केस सामने आए हैं।

नए वैरिएंट्स की वजह से बढ़ रहे हैं केस

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी की वजह कुछ नए वैरिएंट्स हैं। इनमें NB.1.8.1, LF.7 और JN.1 जैसे वैरिएंट शामिल हैं, जो अमेरिका और चीन जैसे देशों में भी पाए गए थे। अब ये एशियाई देशों में भी फैलने लगे हैं।

ICMR ने दी राहत की खबर, लेकिन सावधानी जरूरी

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा है कि अभी तक सामने आए मामले गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा, “हालांकि संक्रमण फैल रहा है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार लगातार नजर बनाए हुए है और स्थिति को कंट्रोल में रखने की कोशिश कर रही है।”

कोरोना से अब भी हो रही हैं मौतें

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के चलते 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि केरल, कर्नाटक और राजस्थान में भी कुछ लोगों ने जान गंवाई है। जयपुर में भी एक व्यक्ति की मौत कोरोना की वजह से हुई है।

दिल्ली सरकार की एडवाइजरी: अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि अस्पतालों में ऑक्सीजन, बेड, जरूरी दवाएं और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी मेडिकल उपकरण जैसे वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और PSA यूनिट्स भी पूरी तरह से चालू हालत में होने चाहिए।

राज्यों में स्थिति इस प्रकार है-

  • केरल – 430 केस
  • महाराष्ट्र – 209 केस
  • दिल्ली – 104 केस
  • अन्य राज्यों में भी हल्की बढ़ोतरी देखी गई है।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts