Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP में आज से फ्री में लगेगा कोरोना का बूस्टर डोज, CM शिवराज ने की ये अपील

MP में आज से फ्री में लगेगा कोरोना का बूस्टर डोज, CM शिवराज ने की ये अपील
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए आज से बूस्टर डोज लगाने का महाअभियान शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव अंतर्गत प्रदेशवासियों को नि:शुल्क बूस्टर डोज के राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया है। इस दौरान सीएम ने वैक्सीनेशन सेंटर का अवलोकन कर टीका लगवाने आए नागरिकों का हालचाल भी जाना।

सीएम शिवराज ने की ये अपील

  • कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि भारत सरकार ने 16 जुलाई से लेकर 30 सितंबर तक 75 दिनों तक अभियान चलाने का फैसला किया है। मध्यप्रदेश में भी हम दृढ़ संकल्पित हैं।
  • सभी भाई-बहन अपने निकट के वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीन की डोज जरूर लगवाएं।
  • मैं सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भी ये अपील करता हूं कि आपके कार्य क्षेत्र में एक भी पात्र व्यक्ति बिना वैक्सीनेशन के नहीं रहना चाहिए।
  • सीएम ने आगे कहा कि हमने तय किया है कि आगामी 27 जुलाई को, 3, 17 व 31 अगस्त को और 14 एवं 28 सितंबर को जनभागीदारी से कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जाएगा।

कहां से लगवा सकेंगे बूस्टर डोज

अभी तक 18 से 59 साल की उम्र के लोगों को प्राइवेट सेंटर पर ही बूस्टर डोज लगाई जा रही थी। लेकिन अब सरकारी सेंटर्स पर भी बूस्टर डोज लगवा सकेंगे। हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि फ्री में बूस्टर डोज सिर्फ 75 दिन तक ही लगाई जाएगी। लेकिन अगर आप किसी प्राइवेट अस्पताल या प्राइवेट सेंटर पर बूस्टर डोज लेते हैं, तो उसके लिए आपको कीमत देनी होगी।

प्राइवेट सेंटर में कितना खर्च होगा ?

  • सीरम इंस्टीट्यूट ने अपनी वैक्सीन कोविशील्ड की कीमत घटाकर 225 रुपए कर दी है। वहीं, भारत बायोटेक ने भी कोवैक्सीन की कीमत को 1200 से घटाकर 225 रुपए कर दी है।
  • सरकार के मुताबिक, प्राइवेट अस्पताल 150 रुपए से ज्यादा का सर्विस चार्ज नहीं ले सकते हैं। इसका मतलब है कि, अगर आप तीसरी डोज लगवाते हैं तो आपको 375 रुपए खर्च करने होंगे।

बूस्टर डोज क्यों है जरूरी ?

इस साल 10 अप्रैल से 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा रही है। बूस्टर डोज इसलिए जरूरी है क्योंकि कई स्टडी में सामने आया है कि समय के साथ कोरोना के खिलाफ इम्युनिटी कम होने लगती है। ऐसे में इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए बूस्टर डोज जरूरी है। आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक देश की 96 फीसदी से ज्यादा आबादी को वैक्सीन को एक डोज लग चुकी है, जबकि 87 फीसदी आबादी को दोनों डोज लग चुकी है।

कौनसी वैक्सीन लगेगी ?

पहली दो डोज जिस वैक्सीन की लगी होगी, तीसरी डोज भी उसी वैक्सीन की लगेगी। यानी, अगर आपने पहली दो डोज कोविशील्ड की ली है, तो तीसरी डोज भी कोविशील्ड की ही लगाई जाएगी। इसी तरह अगर पहली दो डोज कोवैक्सीन की लगी है तो तीसरी डोज भी कोवैक्सीन की ही लगेगी। अभी सरकार ने मिक्स एंड मैच वैक्सीन को अनुमति नहीं दी है।

कोरोना संक्रमण हुआ था, तो कब लगवा सकेंगे बूस्टर डोज ?

कोरोना से ठीक होने के तुरंत बाद वैक्सीन नहीं लगवाई जा सकती। कोरोना से ठीक होने के कम से कम 3 महीने बाद ही वैक्सीन की डोज ले सकते हैं। अगर आप दो डोज लेने के बाद कोरोना संक्रमित हो गए थे, तो रिकवरी के 3 महीने बाद आप बूस्टर डोज ले सकते हैं। ये भी पढ़ें- Corona Vaccine: अटकलों पर लगा विराम, छह नहीं 9 महीने बाद ही लग सकेगी बूस्टर डोज
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts