🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

सिवनी मालवा में जन विश्वास अभियान शुरू: ग्वाड़ी में लगा पहला जन संवाद शिविर, अधिकारियों ने सुनी लोगों की समस्याएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। नर्मदापुरम जिले का पहला जन संवाद शिविर सिवनी मालवा विकासखंड की ग्राम पंचायत ग्वाड़ी में आयोजित किया गया। अभियान के तहत अब प्रत्येक शुक्रवार को शासन और प्रशासन आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
Follow on Google News
सिवनी मालवा में जन विश्वास अभियान शुरू: ग्वाड़ी में लगा पहला जन संवाद शिविर, अधिकारियों ने सुनी लोगों की समस्याएं
सिवनी मालवा में जन विश्वास अभियान शुरू

सिवनी मालवा। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। शिविर में शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया। 

हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खुद भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद कर रहे हैं। 

कुपोषण मुक्त समाज बनाने पर विशेष जोर

महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग स्वस्थ बालक, सशक्त महिला और समृद्ध परिवार की अवधारणा को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कुपोषण उन्मूलन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक कुपोषित बच्चे के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर समन्वित प्रयास किए जाएं। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नर्मदापुरम जिले की सराहना भी की। 

उद्यम संवाद की भी होगी शुरुआत

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शासन और नागरिकों के बीच संवाद का प्रभावी मंच है। उन्होंने बताया कि कृषि प्रधान जिले के रूप में पहचान रखने वाला नर्मदापुरम अब उद्योग और उद्यमिता के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभियान के माध्यम से उद्यम संवाद की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे युवाओं और उद्यमियों को नए अवसर प्राप्त होंगे 

हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

शिविर में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। स्वयं सहायता समूह की सदस्य राजकुमारी अश्वारे और राजल मांडवी ने बताया कि वे समूह के माध्यम से वाशिंग पाउडर, डिटर्जेंट और साबुन निर्माण कर आत्मनिर्भर बनी हैं और अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं। वहीं हितग्राही धर्मेंद्र यादव ने बताया कि शासन की सहायता से संचालित उनके कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसानों को सुविधा मिलने के साथ उन्हें अतिरिक्त आय का स्रोत भी प्राप्त हुआ है। 

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा के अध्यक्ष रितेश (रिंकू) जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष रेणुका मंडलोई, मृगेंद्र मंडलोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के प्रथम शिविर में शासन और प्रशासन की ओर से आमजन को समस्याओं के जल्द समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया गया।

Edited By: Rohit Sharma

SANDEEP THAKUR
By SANDEEP THAKUR
icon

Latest Posts