Raipur:छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता दायरा,10 नए केस से हड़कंप,मरीजों की संख्या 115 पहुंची

प्रेम कुमार,रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 10 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही कुल मरीजों की संख्या 115 पहुंच गई है, जबकि एक्टिव केस बढ़कर 28 हो गए हैं। रायपुर में सबसे ज्यादा 54 मरीज सामने आ चुके हैं।
ये भी पढ़ें: Surajpur: सूरजपुर में हाथी का कहर,ग्रामीण की कुचलकर दर्दनाक मौत, जंगल में मिला शव
10 नए केस से बढ़ी चिंता
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 10 नए मामलों की पुष्टि हुई है। नए मरीज सामने आने के बाद प्रदेश में अब तक मिले संक्रमितों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है। वहीं उपचाररत यानी एक्टिव मरीजों की संख्या भी 18 से बढ़कर 28 हो गई है।
रायपुर में 3 नए संक्रमित
राजधानी रायपुर में H1N1 के 3 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ रायपुर में कुल संक्रमितों की संख्या 54 हो गई है। इनमें 9 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं। रायपुर प्रदेश में स्वाइन फ्लू संक्रमण के मामले में सबसे आगे है।
दुर्ग और रायगढ़ में भी बढ़े मरीज
दुर्ग में 3 नए संक्रमित मिलने के बाद कुल मरीजों की संख्या 10 हो गई है। यहां 5 मरीज एक्टिव हैं। वहीं रायगढ़ में 2 नए केस सामने आए हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 7 और एक्टिव मरीजों की संख्या 4 हो गई है।
बिलासपुर और सरगुजा में भी नए केस
बिलासपुर में एक नया मरीज मिला है। इसके बाद जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 13, जबकि एक्टिव मरीज 3 हो गए हैं।सरगुजा में भी एक नया केस सामने आया है। यहां अब तक 3 मरीज मिल चुके हैं और एक मरीज एक्टिव है।
ये भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, CCTV भी खंगाले
तीन नए जिलों में पहली बार पहुंचा संक्रमण
स्वाइन फ्लू ने अब प्रदेश के तीन ऐसे जिलों में भी दस्तक दी है, जहां इससे पहले कोई मामला सामने नहीं आया था। बलौदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर में एक-एक मरीज मिला है। तीनों मरीज फिलहाल एक्टिव बताए गए हैं।
धमतरी में 4 एक्टिव केस
धमतरी में अब तक 7 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 4 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं। कोरबा में 5 संक्रमितों में एक एक्टिव केस है, जबकि बेमेतरा में 3 संक्रमितों में एक मरीज का इलाज चल रहा है। बस्तर में अब तक 2 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर, महासमुंद, MCB, राजनांदगांव और सूरजपुर में एक-एक मरीज मिल चुका है। इन जिलों में फिलहाल कोई एक्टिव केस नहीं है।
रायपुर सेंट्रल जेल का अधिकारी संक्रमित
रायपुर केंद्रीय जेल में पदस्थ एक अधिकारी के भी H1N1 संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है। बताया गया कि अधिकारी परिवार के साथ कांकेर गए थे। इस दौरान उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में परेशानी हुई। जांच में उनका H1N1 टेस्ट पॉजिटिव आया। स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के सदस्यों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पूरी कर ली है। परिवार के अन्य सदस्य स्वस्थ बताए गए हैं। हालांकि अधिकारी सरगुजा में संक्रमित हुए या रायपुर-कांकेर प्रवास के दौरान संक्रमण की चपेट में आए, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
13 जिलों में अब तक एक भी केस नहीं
प्रदेश के बालोद, बलरामपुर-रामानुजगंज, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा में अब तक स्वाइन फ्लू का कोई मरीज सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: Raipur: रक्षाबंधन पर मातम,बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा भाई खारुन नदी में डूबा,तलाश जारी
बुखार और सांस की तकलीफ को नजरअंदाज न करें
डॉ. आरएल खरे के मुताबिक बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य वायरल मानकर खुद से दवा नहीं लेनी चाहिए। ऐसे लक्षणों में डॉक्टर से जांच और सलाह लेना जरूरी है। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। H1N1 संक्रमित व्यक्ति की खांसी या छींक से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क के जरिए फैल सकता है।
ये भी पढ़ें: Raipur: शीतकालीन सत्र में UCC पर बड़ा दांव,छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता का बिल होगा पेश
सावधानी जरूरी, घबराने की नहीं
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन संक्रमण को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। लक्षण लगातार बने रहें या स्वास्थ्य बिगड़ता महसूस हो तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।




















