राष्ट्रीय

कांग्रेस नेता अजय राय पर केस दर्ज, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लेकर दिया था विवादित बयान

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Union Minister Smriti Irani) पर उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता अजय राय विवादित बयान देकर बुरी तहर से फंस गए हैं। सोनभद्र के सदर कोतवाली पुलिस ने अजय राय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में IPC की 354 (A), 501 और 509 धाराएं दर्ज हुई हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी बयान को संज्ञान लिया है और अजय राय के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए इसकी निंदा की है।

अजय राय ने क्या कहा था ?

दरअसल, सोमवार को अजय राय ने सोनभद्र में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। कांग्रेस नेता राय ने कहा था कि, राहुल गांधी, राजीव गांधी इस सीट (अमेठी) पर चुनाव लड़े हैं, कई कल-कारखाने लगाए गए। अब आधे से ज्यादा कल-कारखाने बंद पड़े हुए हैं। स्मृति ईरानी केवल यहां आती हैं और लटके-झटके देकर चली जाती हैं। अजय राय के इस बयान पर सियासी घमासान मचा हुआ है। भाजपा हमलावर है तो वहीं अब इसे लेकर अजय राय के खिलाफ एक्शन भी शुरू हो गया है।

महिला आयोग ने जारी किया समन

राष्ट्रीय महिला आयोग का कहना है कि अजय राय ने स्मृति ईरानी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर महिलाओं के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम किया है। साथ ही महिला आयोग ने अजय राय को समन भी जारी किया है। समन में अजय राय से 28 दिसंबर को दोपहर 12 बजे पेश होने के लिए कहा गया है।

स्मृति ईरानी ने कही ये बात

अजय राय के विवादित बयान पर सियासी घमासान मचा है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का बयान सामने आया है। इसमें केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिला के प्रति अभद्र टिप्पणियां करना हमारे संस्कार का विषय नहीं है, यह उनके संस्कार का विषय हो सकता है। अगर गांधी खानदान को पसंद है अभद्र भाषा तो कोई भी कांग्रेसी जो अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है वह माफी क्यों मांगेगा?

ये भी पढ़ें: इलाहबाद यूनिवर्सिटी में छात्रों ने जमकर हंगामा, पूर्व छात्र नेता पर फायरिंग; कैंपस में तोड़फोड़, कई गाड़ियां फूंकी

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button