Bihar: जनता को लूटना ही RJD का मकसद, पीएम मोदी ने महागठबंधन पर साधा निशाना

कैमूर। शुक्रवार को बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैमूर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने पहले चरण के मतदान पर खुशी जताई और साथ ही महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा।
पीएम ने कहा कि महागठबंधन पहले चरण के बाद ही टूट गया। अब राजद और कांग्रेस के कई समर्थक भी NDA के नारे लगा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के लोग लगातार राजद और कांग्रेस से भ्रमित हो रहे हैं। जब भी जनता उनसे पूछती है कि बड़े-बड़े वादे कैसे पूरे करेंगे, तो वे बस कहते हैं कि उनके पास योजना है।
राजद की जनता की सेवा करनें में रूची नहीं
वहीं, महागठबंधन के चुनावी प्रचार के दौरान चल रहे कुछ गानों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने उन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजद का गाना है, “भैया के आबे दे सत्ता, कट्टा सटा के उठा लेब घरवा से।” पीएम ने इस गाने को समझाते हुए कहा कि इसका मकसद केवल जनता को लूटना है। राजद वालों को जनता की सेवा करने में कोई रुचि नहीं है; उनका उद्देश्य लोगों को घर से उठवाना ही है।
जनता से रंगदारी वसूलेंगे राजद पार्टी के लोग
पीएम मोदी ने दूसरे गाने का जिक्र करते हुए कहा राजद का एक गाना है, “आएगी भैया की सरकार, बनेंगे रंगदार।” उन्होंने कहा कि राजद के लोग बस यह इंतजार कर रहे हैं कि उनकी सरकार कब आए और फिर अपहरण और रंगदारी जैसी घटनाएं शुरू हों। पीएम ने दावा किया कि राजद लोग रोजगार नहीं देंगे, बल्कि जनता से रंगदारी वसूलेंगे।
समाज में डर पैदा करना राजद का मकसद
आगे पीएम मोदी ने कहा कि राजद का एक और गाना है, “मारब छिक्सर के छह गोली छाती में।” उन्होंने इसे इनका तरीका और योजना बताते हुए कहा कि यही उनका प्लान है और यही जंगलराज की असलियत है। उनका उद्देश्य बहनों और बेटियों, गरीब, दलित, महादलित, पिछड़े और अतिपिछड़े समाज में डर पैदा करना है। पीएम ने कहा कि जंगलराज वाले निर्माण नहीं कर सकते; वे केवल बदहाली और बदनामी के प्रतीक हैं।उन्होंने डालमिया नगर का उदाहरण देते हुए कहा कि अंग्रेजों के समय इसकी नींव रखी गई थी। दशकों की मेहनत के बाद यह एक फलते-फूलते औद्योगिक नगर में बदल गया। लेकिन जंगलराज की सरकार आते ही सब कुछ तबाह कर दिया गया।
महागठबंधन के संंबंध खराब हो रहे
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में कई देश-विदेश के निवेशक निवेश करने के इच्छुक हैं, लेकिन उन्हें लालटेन, पंजे और लाल झंडे जैसी तस्वीरें नहीं दिखनी चाहिए, वरना वे लौट जाएंगे। उन्होंने इस चुनाव में राजद और कांग्रेस के बीच की लड़ाई को उजागर किया और कहा कि उनके संबंधों की खाई दिन-ब-दिन गहरी होती जा रही है।
भाजपा ने सभी का सम्मान किया
आगे पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर की राजनीति को खत्म कर दिया और बिहार के दिग्गज नेताओं का अपमान किया, जबकि भाजपा ने सभी को सम्मान दिया। उन्होंने गौरव के साथ याद किया कि उन्हें वरिष्ठ नेताओं जैसे लाल मुनि चौबे और भभुआ के चंद्रमौली मिश्रा ने सिखाया है। एनडीए सरकार ने बाबा साहेब से जुड़े स्थलों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया।












