भोपाल में 30 से ज्यादा जगहों पर रावण दहन, जम्बूरी मैदान में 111 और कोलार में 105 फीट के पुतले का दहन

भोपाल। भजन संध्या, रामलीला, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आतिशबाजी के बीच लोगों ने असत्य पर सत्य की जीत का पर्व मनाया। जम्बूरी मैदान में 111 फीट और कोलार के बंजारी दशहरा मैदान में 105 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कोलार के बंजारी दशहरा मैदान और सलैया में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए और सत्य व धर्म की जीत का संदेश दिया।
जम्बूरी मैदान में 111 फीट के रावण का दहन, लेजर शो ने मोहा
भोपाल के जम्बूरी मैदान में विजयादशमी पर 111 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में भजन गायक हेमंत बृजवासी ने प्रस्तुति दी, वहीं आतिशबाजी, फायर शो और लाइट शो आकर्षण का केंद्र रहे। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में पहुंचे और हजारों लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल में कैद किया। भव्य आयोजन के बीच बच्चों से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक में उत्साह नजर आया।
ये भी पढ़ें: PM मोदी ने बताए देश के 3 दुश्मन, दशहरे पर रावण दहन के बाद दिया एकजुटता का संदेश
सीएम डॉ. मोहन यादव हुए शामिल
कोलार के बंजारी दशहरा मैदान में 105 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आयोजकों ने दावा किया कि यह शहर का सबसे बड़ा रावण का पुतला है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए, जहां भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। इस दौरान लोगों ने आतिशबाजी के बीच दशहरे का उत्सव मनाया और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

कलियासोत मैदान में 90 फीट के रावण का दहन
कलियासोत मैदान में विजयादशमी के अवसर पर 90 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। यहां हनुमान अंश पर आधारित लेजर शो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और भव्य आयोजन के बीच दशहरे का पर्व मनाया। रावण दहन के साथ लोगों ने सत्य और धर्म की जीत का संदेश दिया।
सलैया में 65 फीट के रावण का दहन
सलैया में 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए, वहीं फिल्मी कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं और रावण दहन के साथ लेजर शो भी आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुराई चाहे कितनी भी ऊंची क्यों न हो, सत्य और धर्म की जीत तय है। उन्होंने कहा कि यह पर्व संदेश देता है कि यदि मन में सत्य की लौ जलती है, तो बुराई धुआं-धुआं हो जाती है।
ये भी पढ़ें: विजयादशमी पर CM मोहन यादव ने किया कन्या और शस्त्र पूजन, बोले- जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही सरकार
बिट्टन मार्केट, शिवाजी नगर और MVM ग्राउंड में भी हुआ रावण दहन
भोपाल के बिट्टन मार्केट में 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। यहां पिछले 15 वर्षों से हर साल रावण के पुतले की ऊंचाई एक फीट कम की जा रही है, जबकि शुरुआत में 65 फीट ऊंचा रावण बनाया गया था। शिवाजी नगर में 55 फीट और एमवीएम ग्राउंड में 45 फीट ऊंचे रावण का दहन हुआ। शहर के 30 से अधिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भजन, रामलीला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आतिशबाजी के बीच लोगों ने विजयादशमी का पर्व उत्साह के साथ मनाया।




















