भोपाल में BSNL के दो इंजीनियरों को CBI ने डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत के साथ पकड़ा

भोपाल। सीबीआई ने भोपाल के विद्यानगर में पदस्थ बीएसएनएल दो बड़े अधिकारियों को 75 -75 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इलेक्ट्रिकल विंग के चीफ इंजीनियर अविनाश कुमार शुक्ला और सुपरिंटेंडेंट वीबी चक्रपाणि ने जबलपुर की एक फर्म से पैडिंग बिलों के नाम पर 2-2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
घर-दफ्तरों में मिले नकदी-जेवर
सीबीआई की अधिकृत जानकारी में बताया गया है कि बीएसएनएल के ऑपरेशन व कॉम्प्रिहेंसिव मेंटेनेंस (अोसीएम ) और इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन का काम करने वाली फर्म से यह रिश्वत मांगी गई थी। जबलपुर की फर्म के 14 अलग-अलग कामों से जुड़े पैंडिंग बिलों को प्रोसेस करने के नाम पर यह राशि मांगी गई थी। सीबीआई ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को उस समय रंगे हाथ दबोच लिया जब वे रिश्वत राशि ले रहे थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के भोपाल, लखनऊ और कानपुर में घर-दफ्तरों की तलाशी में कई दस्तावेजों के साथ नकदी और आभूषण आदि मिले हैं।




















