Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोजपुरी स्टार पवन सिंह का बड़ा ऐलान : पत्नी ज्योति संग विवाद के बीच कहा- ‘मैं बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा, पार्टी का सच्चा सिपाही हूं’

भोजपुरी स्टार पवन सिंह का बड़ा ऐलान : पत्नी ज्योति संग विवाद के बीच कहा- ‘मैं बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा, पार्टी का सच्चा सिपाही हूं’
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पटना। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और सिंगर पवन सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक बड़ा ऐलान किया है। पत्नी ज्योति सिंह से चल रहे विवाद के बीच उन्होंने कहा कि वे बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनका राजनीति में आने का मकसद सिर्फ पार्टी की सेवा करना है, न कि पद या चुनावी लाभ पाना।

    पवन सिंह बोले- मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं…

    पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर लिखा- “मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज को बताना चाहता हूं कि, मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी जॉइन नहीं की थी। ना ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।”

    उनके इस बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया कि वे इस बार चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे। हालांकि, हाल ही में बीजेपी के शीर्ष नेताओं से हुई मुलाकातों के बाद उनके दोबारा सक्रिय राजनीति में आने की चर्चाएं तेज थीं।

    पत्नी ज्योति सिंह ने की थी प्रशांत किशोर से मुलाकात

    पवन सिंह का यह ऐलान ऐसे वक्त में आया है जब उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने एक दिन पहले जनसुराज आंदोलन के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) से मुलाकात की थी। 20 मिनट की उस बैठक में ज्योति ने कहा था- “मेरे साथ अन्याय हुआ है। मैं चाहती हूं कि किसी और महिला को यह सब न झेलना पड़े।” इस मुलाकात के बाद से पवन सिंह और ज्योति के रिश्ते को लेकर फिर से विवाद गहराया।

    दिल्ली में शाह और नड्डा से हुई थी मुलाकात

    कुछ दिनों पहले पवन सिंह ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। उस समय यह चर्चा थी कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से भोजपुर या शाहाबाद क्षेत्र से उम्मीदवार हो सकते हैं। हालांकि, अब उन्होंने खुद स्पष्ट कर दिया है कि उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। पवन ने कहा- “मैं कभी बीजेपी से दूर नहीं गया था, बस परिस्थितियां अलग थीं।”

    बीजेपी में वापसी की कहानी

    भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने 30 सितंबर 2025 को बीजेपी में फिर से वापसी की थी। उनकी वापसी पार्टी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और नेता ऋतुराज सिन्हा की पहल पर हुई। उन्होंने दिल्ली में उपेंद्र कुशवाहा से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। तावड़े ने कहा था- “पवन सिंह भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर NDA को मजबूत करेंगे।”

    पत्नी ज्योति के आरोप और सोशल मीडिया विवाद

    हाल के दिनों में ज्योति सिंह और पवन सिंह के बीच विवाद काफी बढ़ गया है। 5 अक्टूबर को ज्योति पवन सिंह के लखनऊ स्थित घर पहुंचीं, जहां दोनों के बीच डेढ़ घंटे की बातचीत हुई। इसके बाद ज्योति ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो कर कहा- “मैं बहुत परेशान हूं, अब इस घर से मेरी लाश ही निकलेगी।”

    ज्योति ने आरोप लगाया कि, पवन सिंह ने चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें इस्तेमाल किया और दूसरी महिला के साथ होटल में रहते थे। उन्होंने कहा कि, उन्हें डिटेन और प्रताड़ित किया जा रहा है।

    पवन सिंह का जवाब- कानून सबके लिए बराबर है

    इस विवाद पर पवन सिंह ने पोस्ट कर कहा- “क्या यह सच नहीं है कि मैंने आपको ससम्मान घर बुलाया और 1.5 घंटे बात की? आपकी रट बस एक ही थी कि चुनाव लड़वाइए, जो मेरे बस का नहीं है। पुलिस इसलिए थी ताकि कोई अनहोनी न हो।”

    8 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन ने कहा- “फैमिली की बातें कमरे में होती हैं, कैमरे पर नहीं। ज्योति जी यह अपनापन चुनाव से ठीक पहले ही क्यों दिखा?”

    शादी-विवाद और अदालत की लड़ाई

    2014: पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम सिंह ने शादी के एक साल बाद आत्महत्या कर ली थी।

    2018: पवन ने ज्योति सिंह से बलिया में शादी की।

    2021: पवन सिंह ने तलाक की अर्जी आरा फैमिली कोर्ट में लगाई।

    2024: लोकसभा चुनाव में ज्योति ने पवन के लिए प्रचार किया, लेकिन बाद में दोनों के बीच दूरी बढ़ गई।

    पवन सिंह का करियर

    भोजपुरी इंडस्ट्री में पवन सिंह का नाम ‘लॉलीपॉप लागेलू’ गाने से घर-घर में प्रसिद्ध हुआ। उन्होंने ‘धड़कन’, ‘क्रैक फाइटर’, ‘हर हर गंगे’ जैसी फिल्मों से अपार लोकप्रियता हासिल की। राजनीति में उनकी एंट्री 2017 में हुई थी, जब उन्होंने बीजेपी जॉइन की थी। 2024 लोकसभा चुनाव में उन्होंने काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, जिसके बाद उन्हें बीजेपी से निलंबित कर दिया गया।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts