Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भिंड में ऑनर किलिंग :पति को छोड़ प्रेमी के साथ गई बेटी, पिता ने गोली मारकर लेे ली जान

भिंड में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। बेटी का विवाह कुछ माह पहले हुआ था, लेकिन कुछ ही दिन बाद वह अपने प्रेमी के साथ रहने चली गई थी।
पति को छोड़ प्रेमी के साथ गई बेटी, पिता ने गोली मारकर लेे ली जान
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भिंड। जिले में ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने सामाजिक बदनामी के डर में अपनी ही 21 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज मामला मेहगांव थाना क्षेत्र के खेरिया थापक गांव का है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता मुन्नेश धानुक को गिरफ्तार कर लिया है।

    शादी के बाद शुरू हुआ विवाद

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, खेरिया थापक गांव निवासी निधि धानुक की शादी 11 दिसंबर को ग्वालियर के गुड़ागुड़ी का नाका निवासी देवू धानुक से हुई थी। 28 दिसंबर को वह पति के साथ ग्वालियर के महाराज बाड़ा बाजार गई थी। खरीदारी के दौरान पति पानी लेने गया और उसी दौरान निधि वहां से गायब हो गई। इसके बाद ससुराल और मायके पक्ष ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में परिजनों को पता चला कि निधि अपने प्रेमी के साथ रह रही है। इस बात को लेकर परिवार में तनाव और सामाजिक दबाव बढ़ गया था। 

    बेटी को वापस लाने की नाकाम कोशिश

    पुलिस के अनुसार, पिता मुन्नेश धानुक ने बेटी को समझाने और घर लौटाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन जब वह सफल नहीं हुआ तो उसने बेटी को सबक सिखाने का मन बना लिया। मंगलवार शाम वह निधि को बहला-फुसलाकर गांव ले आया और उसे गांव के बाहर सरसों के खेत में ले गया। वहीं उसने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। 

    मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट

    घटना की जानकारी अगले दिन तब सामने आई, जब निधि की मां पूजा धानुक ने मेहगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में मां ने साफ तौर पर बताया कि पति ने परिवार की बदनामी के डर से बेटी की हत्या कर दी है। मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को खेत से शव बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि बेटी के प्रेम संबंधों से परिवार की ‘इज्जत’को ठेस पहुंची थी, इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

    हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद  

    पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts