Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बदनावर में तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, 3 की मौत; बेटी गंभीर

धार के बदनावर में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर घायल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे चक्काजाम किया। दोनों ओर 2 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही।
बदनावर में तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, 3 की मौत; बेटी गंभीर
बदनावर में मौत बनकर आया ट्राला, बाइक सवार परिवार को कुचला

धार/बदनावर। धार जिले के बदनावर में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर पिटगारा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने करीब ढाई घंटे तक चक्काजाम किया।

लहसुन की बोवनी के लिए खेत जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, बड़ा कठोड़िया निवासी राहुल (35), उनकी पत्नी पूजा (30) और उनकी दो बेटियां बाइक से खेरवास स्थित खेत जा रहे थे। परिवार लहसुन की बोवनी के लिए खेत जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे पिटगारा चौराहे पर पेटलावद मार्ग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल, पूजा और उनकी एक बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने चौराहे पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाते हुए फोरलेन पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के कारण करीब ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान यात्री बसों के साथ स्कूली वाहन भी जाम में फंस गए।

Breaking News

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला रास्ता

चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रियंका मिमरोट, तहसीलदार सुरेश नागर, एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर और टीआई अमित सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही पिटगारा चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया।

टोल कंपनी, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से मृतक परिवार को करीब 40 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया।

पिटगारा चौराहा बना हादसों का ब्लैक स्पॉट

ग्रामीणों के मुताबिक, पिटगारा चौराहे से पेटलावद मार्ग जुड़ता है। पास में कृषि उपज मंडी और सब्जी मंडी होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चौराहे पर लगातार सड़क हादसे होते रहे हैं।

ग्रामीण लंबे समय से यहां स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक सिग्नल और पर्याप्त साइन बोर्ड लगाने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इन मांगों पर अब तक पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। शनिवार के हादसे के बाद एक बार फिर चौराहे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts