Shivani Gupta
18 Oct 2025
अयोध्या। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या आज रोशनी के सागर में डूबी नजर आई। 9वें दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर में दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके साथ ही राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलन का कार्य शुरू हुआ और 26 लाख 17 हजार 215 दीपक एक साथ जलाए गए, जिसने नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
ड्रोन से दीपों की काउंटिंग हुई। जबकि राम की पैड़ी पर लेजर लाइट शो किया गया। 1100 ड्रोन से विशेष शो किया गया।
दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा अयोध्या धाम “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। 1100 ड्रोन की मदद से दीपों की काउंटिंग की गई ताकि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो सके। साथ ही राम की पैड़ी पर लेजर और लाइट शो का आयोजन किया गया, जिसमें रामायण की झलकियां और भगवान श्रीराम के जीवन के प्रसंगों को आधुनिक तकनीक से दर्शाया गया।
दीपोत्सव में इस बार श्रद्धा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत मेल देखने को मिला। पैड़ी के घाटों पर सरसों के तेल से जलते दीपों की सुनहरी आभा ने अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। लेजर शो के जरिए अयोध्या की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को प्रदर्शित किया गया।
रामकथा पार्क में पुष्पक विमान से श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के आगमन पर पूरा परिसर “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं वानर सेना के साथ भगवान श्रीराम का स्वागत किया, उन्हें माल्यार्पण, तिलक और आरती अर्पित की। इसके बाद राम राज्याभिषेक की रस्म निभाई गई, जो दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश नए स्वरूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा- जो कोई भी त्योहारों के दौरान बेटियों, व्यापारियों या नागरिकों को परेशान करेगा, उसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई होगी। योगी बोले, अब अपराधी भयभीत हैं, गरीब का सम्मान है, किसान खुशहाल है और हर गांव में बिजली व उत्साह दोनों हैं।
सीएम योगी ने रामराज्य की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा- नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना, नहिं कोउ अबुध न लच्छन हीना। उन्होंने कहा कि जब गरीब को घर मिलता है, माता को उज्ज्वला गैस मिलती है, किसान को बीमा कवर मिलता है- यही नए भारत में रामराज्य का प्रतीक है। योगी बोले, आज नया उत्तर प्रदेश भी नए भारत के साथ आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि इस बार केवल राम की पैड़ी पर 26 लाख दीप जलाए जा रहे हैं, जबकि मठों और आश्रमों में भी दीप प्रज्ज्वलित हो रहे हैं। उन्होंने कहा- अयोध्या अब टूरिज्म का केंद्र बन गई है। हर साल यहां 6 से 10 करोड़ श्रद्धालु आते हैं। यह नई अयोध्या है, जो विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनेगी।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने राम मंदिर निर्माण में बाधा डालने के लिए अधिवक्ताओं की फौज खड़ी की, रामभक्तों पर गोलियां चलाईं और अयोध्या की पहचान मिटाकर इसका नाम फैजाबाद किया। उन्होंने कहा- आज जब हम दीप जला रहे हैं, ये वही दीप बता रहे हैं कि आस्था को कोई राजनीति कैद नहीं कर सकती।
योगी ने कहा- समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर गोलियां चलाई थीं। ये वही लोग हैं जो बाबर की कब्र पर सजदा करते हैं, लेकिन रामलला के निमंत्रण को ठुकरा देते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर कहा था- “श्रीराम काल्पनिक हैं।” योगी बोले, आज वही अयोध्या सत्य की विजय की गवाही दे रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा- 2017 में जब पहला दीपोत्सव हुआ था तब 1 लाख 71 हजार दीप जलाए गए थे। आज लाखों दीप जल रहे हैं, ये 500 वर्षों के संघर्ष और सत्य की विजय का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा- तब प्रभु श्रीराम तंबू में विराजमान थे, और आज भव्य-दिव्य मंदिर में हैं। हर दीप हमें याद दिलाता है- सत्य परेशान हो सकता है, पर पराजित नहीं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा- अयोध्या वह भूमि है जहां धर्म स्वयं मानव रूप में अवतरित हुआ। यहां हर कण में मर्यादा है, हर दीप में दया है और हर हृदय में भगवान श्रीराम का वास है। उन्होंने देशवासियों को दीपोत्सव की हार्दिक बधाई दी और अयोध्या धाम को विश्व पटल पर आध्यात्मिक केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया।