Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ऑस्ट्रिया के स्कूल में गोलीबारी : 11 छात्रों की मौत, संदिग्ध हमलावर स्कूल का छात्र; दो कक्षाओं में चलाई गोलियां, फिर खुद को मारी गोली

Follow on Google News
ऑस्ट्रिया के स्कूल में गोलीबारी : 11 छात्रों की मौत, संदिग्ध हमलावर स्कूल का छात्र; दो कक्षाओं में चलाई गोलियां, फिर खुद को मारी गोली
वियना। ऑस्ट्रिया के शहर ग्राज में मंगलवार सुबह एक हाई स्कूल में हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे यूरोप को झकझोर दिया। इस हृदयविदारक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 28 अन्य घायल हो गए। मृतकों में छात्रों के साथ शिक्षक भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस हमले को अंजाम देने वाला कथित हमलावर भी मारा गया है, जो खुद उसी स्कूल का छात्र बताया जा रहा है।

कैसे हुआ हमला?

घटना ग्राज के बोर्ग ड्रेयर्सचुटजेनगैस हाई स्कूल में सुबह करीब 10 बजे हुई, जब क्लास चल रही थीं। अचानक गोलियों की आवाजें गूंजने लगीं जिससे स्कूल में भगदड़ मच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर छात्र ने दो अलग-अलग कक्षाओं में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर खुद को स्कूल के बाथरूम में गोली मार ली। उसकी लाश बाथरूम से बरामद की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्पेशल फोर्स ‘कोबरा’ और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरे स्कूल को घेर लिया गया है और तलाशी अभियान जारी है। पुलिस प्रवक्ता सबरी योर्गुन ने कहा, “हम अभी तक हमले के पीछे की मंशा की पुष्टि नहीं कर सके हैं, लेकिन प्राथमिक जांच में बुलिंग (शारीरिक/मानसिक उत्पीड़न) का शक है।”

हमले में मरने और घायल होने वालों की स्थिति

मृतक: 11 लोग (छात्र और शिक्षक) घायल: 28 लोग, जिनमें से 4 की हालत बेहद गंभीर कुछ लोगों को सिर में भी गोली लगी है हमलावर: कथित छात्र, जिसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने अब तक आधिकारिक रूप से मृतकों की संख्या नहीं बताई है, लेकिन स्थानीय मीडिया और अस्पताल सूत्रों के हवाले से ये आंकड़े सामने आए हैं।

ऑस्ट्रियाई नेताओं की प्रतिक्रिया

ऑस्ट्रियाई चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर तुरंत ग्राज के लिए रवाना हो गए हैं और उन्होंने घटना पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की योजना बनाई है। यूरोपीय यूनियन की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने इस गोलीबारी पर शोक जताते हुए कहा, हर बच्चे को स्कूल में सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है। यह घटना बेहद दर्दनाक है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों और ऑस्ट्रियाई नागरिकों के साथ हैं।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं। इनमें स्कूल के बाहर भारी पुलिस बल, हेलिकॉप्टर से घायलों को ले जाते हुए और छात्रों को इमारत से बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। Krone Zeitung के अनुसार, एक महिला शिक्षक के पति ने बताया कि घटना के वक्त उनकी पत्नी क्लास में थीं और उन्होंने गोलियों की आवाजें सुनीं। ग्राज शहर ऑस्ट्रिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है, जिसकी जनसंख्या लगभग 3 लाख है। पूरे स्कूल को खाली करा लिया गया है और छात्रों को उनके परिजनों को सौंपा गया है। आसपास के स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर अलर्ट घोषित किया गया है।

10 साल पहले भी हुआ था हमला

यह गोलीबारी ठीक उस भयावह घटना की 10वीं वर्षगांठ से पहले हुई है, जो 20 जून 2015 को ग्राज में हुई थी। तब एक वाहन हमले में 3 लोगों की जान चली गई थी। ये भी पढ़ें- शादी से इंकार नहीं लेकिन मर्डर प्लान कर सकती है… राजा की हत्या करवाने वाली सोनम पर भड़कीं कंगना रनोट
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts