ब्राह्मण समाज पर विवादित टिप्पणी के बाद अनुराग कश्यप ने मांगी माफी, कहा- गुस्से में मर्यादा भूल गया, आगे से ध्यान रखूंगा

मुंबई। अनुराग कश्यप ने ब्राह्मणों को लेकर आपत्तिजनक कमेंट करने पर सोशल मीडिया पर सभी से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में कभी ऐसे शब्द नहीं कहेंगे।दरअसल हाल ही में अनुराग ने सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी। जिसके बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। दिल्ली, मुंबई, इंदौर, जयपुर समेत कई शहरों में उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज की गईं। अब बढ़ते विवाद के बीच अब अनुराग कश्यप ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की है।अनुराग बोले- मर्यादा भूल गया
अनुराग कश्यप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक माफीनामा शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा-
मैं गुस्से में किसी एक को जवाब देने में अपनी मर्यादा भूल गया और पूरे ब्राह्मण समाज को बुरा बोल डाला। वो समाज जिसके तमाम लोग मेरी जिंदगी में रहे हैं, आज भी हैं और बहुत कॉन्ट्रीब्यूट करते हैं। आज वो सब मुझसे आहत हैं। मेरा परिवार मुझसे आहत है। बहुत सारे बुद्धिजीवी, जिनकी मैं इज्जत करता हूं मेरे गुस्से में, मेरे बोलने के तरीके से आहत हैं। मैंने ऐसी बात करके अपनी ही बात को मुद्दे से भटका दिया। मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं, इस समाज से, जिनको मैं ये नहीं कहना चाह रहा था। लेकिन आवेश में किसी की घटिया टिप्पणी का जवाब देते हुए लिख दिया। मैं माफी मांगता हूं, अपने उन तमाम सहयोगी दोस्तों, अपने परिवार से और उस समाज से, अपने बोलने के तरीके के लिए, अभद्र भाषा के लिए। अब आगे से ऐसा न हो, मैं उस पर काम करूंगा। अपने गुस्से पर काम करूंगा। और मुद्दे की बात अगर करनी हो तो सही शब्दों का इस्तेमाल करूंगा। आशा है आप मुझे माफ कर देंगे।












