सट्टेबाजी ऐप मामले में एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती को ED ने भेजा समन, जानें क्या है मामला

सट्टेबाजी ऐप मामले में एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती को ED ने भेजा समन, जानें क्या है मामला
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला और बंगाली सिनेमा की अभिनेत्री व पूर्व तृणमूल सांसद मिमी चक्रवर्ती को ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समन भेजा है। यह प्लेटफॉर्म अवैध सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग के शक में जांच के दायरे में है। 

    दोनों से प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत बयान दर्ज किए जाएंगे। उर्वशी रौतेला को 16 सितंबर को और मिमी चक्रवर्ती को 15 सितंबर को दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में हाजिर होने का नोटिस दिया गया है।

    क्या है 1xBet सट्टेबाजी ऐप पर आरोप?

    प्रवर्तन निदेशालय की जांच में सामने आया है कि 1xBet ऐप भारतीय कानून को ताक पर रखकर अवैध रूप से सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों के जरिए प्रचारित किया जा रहा था। आरोप है कि यह प्लेटफॉर्म भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी को बढ़ावा देने के साथ-साथ मनी लॉन्ड्रिंग में भी लिप्त है। सरकार इस पूरे नेटवर्क की जांच कर यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है कि कैसे भारत में प्रतिबंधित सट्टेबाजी को बढ़ावा दिया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।

    उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती का 1xBet से कनेक्शन

    सूत्रों के मुताबिक, उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती 1xBet ऐप के प्रमोशनल एंडोर्समेंट से जुड़े थे। पहले भी उर्वशी रौतेला से इस मामले में पूछताछ हो चुकी है। वहीं मिमी चक्रवर्ती को पहली बार ED के समक्ष पेश होना है। पूछताछ में इन कलाकारों से उनके 1xBet ऐप से संबंध, प्रचार के तरीके और उनसे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी ली जाएगी।

    अन्य हाई-प्रोफाइल हस्तियां जांच के घेरे में

    इस मामले में अब तक कई बड़ी हस्तियों से पूछताछ हो चुकी है। पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन भी इस जांच के तहत आए हैं। इसके अतिरिक्त प्रकाश राज, विजय देवराकोंडा, राणा दग्गुबाती सहित कई और सिलेब्रिटीज के नाम भी जांच में शामिल किए जा चुके हैं। सभी पर आरोप है कि उन्होंने इस अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के प्रचार में सहायता की थी।

    उर्वशी और मिमी के करियर की झलक

    • उर्वशी रौतेला ने बॉलीवुड में 'सनम रे' (2016), 'ग्रेट ग्रैंड मस्ती' (2016), 'हेट स्टोरी 4' (2018), 'पागलपंती' (2019) और 'डाकू महाराज' (2025) जैसी फिल्मों में अभिनय किया है।
    • मिमी चक्रवर्ती ने मॉडलिंग से अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने 'फेमिना मिस इंडिया' प्रतियोगिता में भाग लिया। मिमी ने टीवी शो 'चैम्पियन' से अभिनय की शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने 'बापी बारी जा', 'बोझेना शे बोझेना', 'गोलपो होलेओ शोटी', 'योद्धा: द वॉरियर', 'जमाई 420' और 'शुधु तोमारी जोन्यो' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
         
    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts