Shivani Gupta
16 Sep 2025
नई दिल्ली। चुनाव में हर वोट बहुमूल्य होता है। एआर कृष्णमूर्ति और सीपी जोशी को मिली हार इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। बता दें, 2004 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जनता दल (सेक्युलर) के प्रत्याशी एआर कृष्णमूर्ति को एक वोट से हार का सामना करना पड़ा था।
कर्नाटक की सांथेमरहल्ली विधानसभा सीट पर एआर कृष्णमूर्ति को 40,751 मत मिले थे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी आर. ध्रुवनारायण को 40,752 मत मिले थे। हार-जीत का फैसला सिर्फ एक वोट से हुआ था। इस प्रकार वर्ष 2008 में राजस्थान की नाथद्वारा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सीपी जोशी भाजपा प्रत्याशी कल्याण सिंह चौहान से एक वोट से हारे थे। सीपी जोशी को 62,215 और कल्याण सिंह चौहान को 62,216 वोट मिले थे। इसबीच लोकसभा चुनाव 2024 में देश के कई बड़े नेता खुद को वोट नहीं दे पाएंगे। इन नेताओं की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी तक का नाम शामिल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी की वाराणसी लोकसभा सीट से तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। पिछला चुनाव पीएम मोदी ने चार लाख से अधिक मतों से जीता था। मगर वे यहां कभी खुद को वोट नहीं दे सके। इसकी वजह यह है कि मोदी का नाम अहमदाबाद की मतदाता सूची में दर्ज है। इस बार 7 मई को उन्होंने अहमदाबाद में वोट डाला था।
केरल की वायनाड के बाद उत्तरप्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी भी खुद को अपना वोट नहीं दे पाएंगे। राहुल गांधी दिल्ली के मतदाता हैं। राहुल गांधी का नाम 40-न्यू दिल्ली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में क्रम संख्या 705 और भाग संख्या 62 में दर्ज है।
क्रिकेटर यूसुफ पठान को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ उतारा है। यूसुफ पठान का नाम भी उन नेताओं में शामिल है, जो खुद को वोट नहीं कर पाएंगे। यूसुफ पठान का नाम गुजरात की अकोटा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज है।
यूपी की फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति खुद को वोट नहीं दे पाएंगी। उनका नाम 228-हमीरपुर विस की मतदाता सूची में भाग संख्या 112 और क्रम संख्या 525 में दर्ज है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार भी अपने आपको वोट नहीं डाल सकेंगे। कन्हैया कुमार का नाम बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में क्रम संख्या 612 और भाग संख्या 228 में दर्ज है। वहीं उनके खिलाफ उतरे भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी खुद को अपना वोट डाल सकेंगे। उनका नाम उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की घोंड़ा विधानसभा की मतदाता सूची में क्रम संख्या 126 और भाग संख्या 60 में दर्ज है। उल्लेखनीय है कि इस सीट पर 28 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। दिल्ली में छठे चरण के तहत 25 मई को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
आठ बार से भाजपा सांसद मेनका गांधी भी खुद को वोट नहीं डाल पाएंगी। इस बार वे सुल्तानपुर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। मेनका गांधी का नाम 40, नई दिल्ली विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है।
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 साल बाद कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। अखिलेश यादव कन्नौज में खुद को अपना वोट नहीं दे सकेंगे। बता दें, 7 मई को उन्होंने अपने पैतृक गांव सैफई में मतदान किया था। 55555555555555555555
पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से शत्रुघ्न सिन्हा दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। सिन्हा का नाम बिहार की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज है।
बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी कीर्ति आजाद भी खुद को वोट नहीं कर पाएंगे। आजाद का नाम 48 अंबेडकर नगर दिल्ली की मतदाता सूची में प्रविष्ट है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को रायबरेली में जनता से अपील की कि यहां से इस बार कमल खिला दो, 400 का आंकड़ा अपने आप पार हो जाएगा। शाह ने कहा कि गांधी परिवार झूठ बोलने में माहिर है। अभी कह रहे हैं कि हर महिला को एक लाख रुपया देंगे। तेलंगाना में उन्होंने कहा था कि हर महिला को 15 हजार रु. देंगे। आज तक 1500 रु. भी नहीं मिले।