जबलपुर:थाने में महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास; पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र की निवासी जयंती यादव पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर मदन महल थाने पहुंची थी। पुलिस अधिकारियों से बातचीत के दौरान वह आक्रोशित हो गई और अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। युवती पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट थी और उसने मामले में निष्पक्ष जांच नहीं होने का आरोप लगाया है।
पुलिसकर्मियों ने महिला से छीना पेट्रोल
घटना की जानकारी लगते ही थाना परिसर में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और अन्य स्टाफ ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाइश देते हुए शांत कराने का प्रयास किया। उनकी तत्परता के चलते स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से किसी भी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई। पुलिस स्टाफ की सजगता से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस कार्रवाई पर खड़े किए सवाल
जानकारी के अनुसार गढ़ा थाना क्षेत्र के गुप्ता नगर निवासी जयंती यादव सितंबर 2025 में हुई चाकूबाजी की एक घटना में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट थी। इसी मामले में पुलिस ने हाल ही में लकी मरावी नामक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। युवती का आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई। उसका कहना है कि निर्दोष व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। इसी नाराजगी के चलते वह मदन महल थाने पहुंची थी।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर: राप्ती नदी में डूबने से दो दोस्तों की मौत, रील बनाने के दौरान हुआ हादसा; 7 दोस्त एक साथ नदी में गए थे नहाने
रिश्वत मांगने का लगाया आरोप
युवती ने मामले में रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी धीरज राज का कहना है कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। फिलहाल उसे समझाइश देकर शांत कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












