Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लापरवाह सिस्टम :इंदौर में सिर्फ भागीरथपुरा ही नहीं, 59 जगहों का पानी पीने लायक नहीं

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 12 लोगों की मौत हो गई। लेकिन मप्र के सबसे साफ शहर का सिर्फ यह इलाका ही दूषित पानी की मार नहीं झेल रहा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 60 स्थानों पर जांचे थे पानी के सैंपल लिए थे, इनमें से 59 सैंपल फेल पाए गए थे।
इंदौर में सिर्फ भागीरथपुरा ही नहीं, 59 जगहों का पानी पीने लायक नहीं
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    विश्वनाथ सिंह, इंदौर। भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से मृतकों का आंकड़ा बढ़ रहा है। सिर्फ भगीरथपुरा ही नहीं, शहर के 59 स्थानों पर पानी पीने योग्य नहीं है। इसका खुलासा दो साल पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट में हुआ था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय ने 2016-17 और 2017-18 में शहर के 60 स्थानों से पीने के पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे थे। इसकी रिपोर्ट 2019 में आई। 60 में से 59 सैंपल फेल निकले थे।

    नगर निगम को तीन बार किया था सतर्क

    इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 2022 तक नगर निगम को तीन बार पत्र लिखकर चेताया था कि इन स्थानों पर पीने का पानी उपचार करने के बाद ही उपयोग किया जाए। निगम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने के बाद क्षेत्रीय कार्यालय ने सेंट्रल ग्राउंड वॉटर बोर्ड, भोपाल को भी पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी थी।

    पानी में मिला था टोटल कोलीफॉर्म बैक्टीरिया

    बोर्ड ने पानी के सैंपल जंचवाए, तो उसमें टोटल कोलीफॉर्म बैक्टीरिया निकला। यह आंतों में असर करता है, जिससे उल्टी, डायरिया, पेट दर्द संबंधी परेशानी होती है। बोर्ड के अफसरों के मुताबिक, यह बैक्टीरिया सीवरेज के पानी में पनपता है। उसके बाद यह आसपास के साफ जलस्रोतों में चला जाता है और उन्हें दूषित कर देता है। विभाग ने जिन स्थानों से सैंपल लिए थे, उनमें से अधिकतर या तो कान्ह नदी या फिर सीवेज लाइनों के आसपास के इलाके थे।

    इन स्थानों पर पानी पीने योग्य नहीं मिला

    जिन 59 स्थानों पर पानी पीने योग्य नहीं मिला, उसमें भागीरथपुरा गली नंबर 1 2, खातीपुरा, रामनगर, नाहर शाहवली रोड खजराना, मेटलमेन फैक्ट्री के सामने सांवेर रोड, गोविंद कॉलोनी वार्ड-12, शंकर बाग कॉलोनी, परदेशीपुरा वार्ड-5, बड़ा गणपति सुभाष स्कूल के पास, राम मंदिर के पास सदर बाजार, काका पब्लिक स्कूल के पास निरंजनपुर, रावजी बाजार पुलिस स्टेशन के पास जूनी इंदौर, आरपी अपार्टमेंट सोसायटी आदि शामिल हैं।

    ग्राउंड वाटर बोर्ड ने भोपाल को भी बताया था

    शहर में 60 स्थानों से पानी के सैंपल की जांच कराई थी। इनमें 59 स्थानों के सैंपल फेल निकले थे। इसके बाद 3 साल में नगर निगम को तीन पत्र लिखकर चेताया था। सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड, भोपाल को भी अवगत कराया था।           

    अतुल कोटिया, लैब प्रभारी, मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, इंदौर

    इस बारे में जानकारी लेंगे

    प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के संबंध में फिलहाल कुछ भी कहना संभव नहीं है। इस संबंध में बोर्ड से जानकारी लेंगे।

    दिलीप कुमार यादव, नगर निगम आयुक्त, इंदौर

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts