उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार !तृषा पर विवादित बयान के बाद हुई बड़ी कार्रवाई

तमिलनाडु की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर दिए गए कथित विवादित और दोअर्थी बयान के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्यवाई तमिलगा वेट्री कझगम( TVK) की शिकायत के बाद हुई। गिरफ्तारी के बाद राज्य में सत्तारूढ़ TVK और विपक्षी डीएमके के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। पुलिस ने पहले उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद चेन्नई और तिरुचिरापल्ली समेत कई शहरों में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिए।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक जनसभा के दौरान उदयनिधि स्टालिन भाषण दे रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। बताया गया कि इस पर उदयनिधि ने कहा कि पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, उन्हें वहां जरूर पहुंचना चाहिए। बाद में उन्होंने यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि उनका इशारा कावेरी नदी की ओर था, लेकिन इस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। TVK ने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी अभिनेत्री तृषा को लेकर की गई दोअर्थी और आपत्तिजनक टिप्पणी थी।
TVK ने दर्ज कराई शिकायत
इस मामले में TVK की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट महिला विंग की संयोजक एस. भैरवी ने तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उदयनिधि स्टालिन ने महिलाओं का अपमान किया है और उनकी टिप्पणी से अभिनेत्री तृषा सहित महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है। शिकायत में यह भी कहा गया कि डीएमके की आईटी विंग ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसके साथ ही TVK ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
गिरफ्तारी से पहले भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस को जैसे ही कार्रवाई के निर्देश मिले, तंजावुर में उस स्थान के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई जहां उदयनिधि स्टालिन ठहरे हुए थे। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी में लगाई गई धाराओं की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
गिरफ्तारी के बाद सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। चेन्नई में TVK कार्यकर्ताओं ने डीएमके नेता के खिलाफ प्रदर्शन किया, वहीं तिरुचिरापल्ली में डीएमके नेताओं और समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। दोनों दल एक-दूसरे पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने और महिलाओं के सम्मान के मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल करने के आरोप लगा रहे हैं।




















