व्यापार जगत

Twitter ने 50% कर्मचारियों को निकाला… कंपनी में क्यों हो रही छंटनी? Elon Musk ने बताई वजह

ट्विटर के नए बॉस एलन मस्क कंपनी खरीदने के बाद से एक के बाद एक बड़े फैसले ले रहे हैं। शनिवार को ही उन्होंने ट्विटर के करीब 50 फीसदी कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। ट्विटर के कुल 7500 कर्मचारियों में से करीब 3700 को निकाल दिया गया है। इंजीनियरिंग, सेल्स, मार्केटिंग और कम्युनिकेशन टीमों में छंटनी की गई है।

एलन मस्क: नहीं था कोई और विकल्प

छंटनी को लेकर एलन मस्क का पहली बार बयान भी सामने आया है। उन्होंने इस बारे में ट्वीट कर छंटनी के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है, साथ ही इसका कारण भी बताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, कंपनी को हर दिन चार मिलियन डॉलर (32,77,95,800 भारतीय रुपए) से अधिक का नुकसान हो रहा है। ऐसे में उनके पास कार्यबल में कटौती के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था।

तीन महीने के वेतन की पेशकश की थी

एलन मस्क ने कहा कि, जिन लोगों की छुट्टी हुई है, उन्हें तीन महीने के वेतन की पेशकश की गई थी जो कानूनी रूप से जरूरी वेतन से 50 फीसदी अधिक है। कानूनी रूप से किसी कर्मचारी को नौकरी से निकाले जाने की स्थिति में दो महीने का वेतन देना होता है।

कमाई घटने के लिए एक्टिविस्ट जिम्मेदार

मस्क ने आय में कमी के लिए एक्टिविस्ट को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने ट्वीट किया, एक्टिविस्ट समूह ने विज्ञापनदाताओं पर भारी दबाव बनाया, जिससे ट्विटर की आय में भारी कमी हुई। हमने एक्टिविस्ट को खुश करने के लिए सब कुछ किया। वे अमेरिका में अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं।

कर्मचारी पहुंचे कोर्ट, मस्क की मुश्किल बढ़ेगी

ट्विटर से निकाले गए कर्मचारियों ने कंपनी पर केस कर दिया है। इसमें वे कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्हें कंपनी से निकाले जाने का अंदेशा है। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी कानून 60 दिन का नोटिस दिए बिना ही नौकरी से निकाल रही है। यह अमेरिका के फेडरल वर्कर एडजस्टमेंट एंड रिटेनिंग नोटिफिकेशन एक्ट का उल्लंघन है। इस संबंध में अमेरिका के एक वकील ने कहा कि कई ट्विटर कर्मचारी उनके संपर्क में हैं। कंपनी के खिलाफ कुछ और कर्मचारी केस दायर कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Twitter Down: एक तरफ कंपनी में चल रही छंटनी… दूसरी तरफ ट्विटर हुआ डाउन, दुनियाभर में यूजर्स हुए परेशान

44 अरब डॉलर में किया था ट्विटर का अधिग्रहण

एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर में हुई डील के बाद ट्विटर का अधिग्रहण किया था। जिसके बाद मस्क ने कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल के साथ ही सीएफओ और दो अन्य अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया था। इसके बाद ट्विटर में छंटनी का दौर शुरू हुआ।

येे भी पढ़ें- एलन मस्क का ऐलान: Twitter पर ब्लू टिक के लिए हर महीने देने होंगे 660 रुपए, मिलेंगी ये सुविधाएं

संबंधित खबरें...

Back to top button