Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

टीकमगढ़ के सराफा व्यापारी की निर्मम हत्या के बाद शव जंगल में फेंका, दो दिन से तलाश रहे थे परिजन

बीती 12 जनवरी की शाम सराफा दुकान बंद कर घर के लिए निकला व्यापारी नहीं पहुंचा था अपने घर, पुलिस जुटी जांच में
 टीकमगढ़ के सराफा व्यापारी की निर्मम हत्या के बाद शव जंगल में फेंका, दो दिन से तलाश रहे थे परिजन
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    टीकमगढ़/ भोपाल।  टीकमगढ़ में दो दिन से लापता सराफा व्यापारी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर पगारा के जंगल में सराफा व्यापारी का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं इस घटना से व्यापारियो में जबर्दस्त आक्रोश है और सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस की नाकामी मान रहे हैं। 

    दो दिन से लापता व्यापारी के बारे में परिवार वालों ने पुलिस को बताया था, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उसकी लाश जंगल में मिली, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक व्यापारी की पहचान राहुल सोनी (उम्र लगभग 35 वर्ष) निवासी कटरा बाजार, टीकमगढ़ के रूप में हुई है। राहुल सोनी मजना क्षेत्र में सराफा की दुकान खोलकर अपना व्यवसाय करते थे।

    पगारा के जंगल में शव पड़ा होने की सूचना गांववालों से मिलने के बाद पहुंची पुलिस 
    परिजनों के अनुसार व्यापारी राहुल सोनी बीते सोमवार की शाम दुकान बंद कर टीकमगढ़ लौट रहे थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंचे। इस पर देर रात तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार दोपहर पगारा के जंगल में ग्रामीणों ने एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त व्यापारी राहुल सोनी के रूप में की, जिसके बाद परिवार को सूचना दी गई। 

    सियारों के नोचने से शव क्षत-विक्षत हालत में मिला, एफएसएल टीम ने जांच की
    पुलिस सूत्रों के अनुसार सराफा व्यापारी के शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत है। बताया गया है कि सियार ने मृतक के शरीर पर हमला किया, जिससे शरीर की त्वचा कई स्थानों से नोच ली गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों और मौत की परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

    टीकमगढ़ सहित आसपास के सराफा व्यापारियो में आक्रोश
    सराफा कारोबारी की संदिग्ध हालात में लाश मिलने के बाद से टीकमगढ़ जिले के सराफा कारोबारियो में जबर्दस्त आक्रोश है। इस बारे में सराफा एसोएिशन के अध्यक्ष ललित सोनी, भरत सोनी और अजय सोनी पूर्व पार्षद ने बताया कि सराफा व्यापारी की हत्या से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। इसके विरोध में सारे कारोबारी ज्ञापन सौपेंगे और सुरक्षा के साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा दिलाने की मांग करेंगे। 

    हत्या के बाद शव को तीन किमी दूर जंगल में फेंका
    प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक की मोटरसाइकिल घटना स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर बरामद की गई है, जिससे यह आशंका गहराती है कि हत्या कहीं और करके शव जंगल में फेंका गया है। सारे तथ्यों की जांच हो रही है, जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा। 
    -राहुल कटरे, एसडीओपी, टीकमगढ़

    Vijay S. Gaur
    By Vijay S. Gaur

    विजय एस. गौर, पीपुल्स समाचार में रीजनल एडीटर हैं। साथ ही राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, खेती-किसानी,...Read More

    Latest Posts