भोपालमध्य प्रदेश

MP News : ठंड का असर… भोपाल समेत इन जिलों में स्कूलों के खुलने का समय बदला, अब इतने बजे से शुरू होंगे स्कूल

भोपाल। मध्य प्रदेश में नए साल की शुरुआत के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। इससे शहर के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। ठंड बढ़ने से सुबह बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मप्र के कई जिलों में स्कूल जाने वाले बच्चों को राहत दी है।

भोपाल कलेक्टर ने तापमान में गिरावट और शीत लहर के कारण स्कूलों का टाइम बदलने के आदेश जारी किया। यह आदेश सभी स्कूलों पर आज से ही लागू होगा।

भोपाल के सभी स्कूल का समय बदला

भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने ठंड को देखते हुए सभी स्कूलों के लगने के समय में संशोधन के आदेश जारी किए हैं। राजधानी के सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूल, आंगनबाड़ी सुबह 9:30 बजे से ही शुरू होंगे। कलेक्टर लवानिया ने बताया कि सिंगल शिफ्ट में चलने वाले स्कूल सुबह 9:30 बजे से और जिन स्कूलों में 2 शिफ्ट में कक्षाएं लगती हैं, वह स्कूल सुबह 9:00 बजे से शुरू होंगे। यह आदेश सभी स्कूलों पर आज से ही लागू होगा। बता दें कि इससे पहले प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कलेक्टर को स्कूल टाइम बदलने के निर्देश दिए थे।

इन जिलों में भी स्कूल टाइमिंग बदली

उमरिया में भी ठंड को देखते हुए स्कूलों का टाइम 7:00 बजे से बढ़ाकर 9:00 बजे कर दिया गया है। सागर में सुबह 9.30 बजे स्कूल लगेंगे। इसके अलावा रीवा में 5वीं क्लास तक के स्कूल सुबह 10.30 बजे से लगेंगे। बता दें कि भिंड में एक हफ्ते पहले ही स्कूल टाइम सुबह 10.30 बजे किया जा चुका है। सीधी, सतना और विदिशा में भी नर्सरी से 5वीं क्लास तक के स्कूलों का समय सुबह 10 बजे कर दिया गया है। गुना में 12वीं तक के स्कूलों 9.30 बजे के बाद लगेंगे।

इस प्रकार रहा तापमान

मध्य प्रदेश मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि, यह सोमवार के न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने के आसार हैं।

कोहरे का अलर्ट…

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान घना और हल्का कोहरा रहने की संभावना जताई है। इसमें रीवा, सागर, चंबल, ग्वालियर, भिंड, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, बैतूल, भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, डिंडोरी और दतिया में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: MP Weather Update : मध्य प्रदेश में सर्दी का प्रकोप, कई जिलों में कोहरे की चेतावनी; 5-6 जनवरी को बारिश-ओले के आसार

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button