
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक विदेशी नागरिक के साथ लूट का मामला सामने आया है। भारत टॉकीज चौराहे के पास दो लुटेरों ने पुर्तगाल के टूरिस्ट पर पत्थर से हमला कर उसे लूट लिया। आरोपी उसका चश्मा और नकदी लूटकर फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि वारदात के समय विदेशी नागरिक रेलवे स्टेशन जा रहा था।
क्या है पूरा मामला ?
घटना की खबर सामने आते ही हड़कंप मच गया है। पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, पुर्तगाल के मफरा शहर के रहने वाले 41 साल के नुनो रॉड्रिक्स मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल घूमने आए हैं। रविवार (23 अक्टूबर) की दोपहर 3 बजे वह पुराने शहर के सेंट्रल लाइब्रेरी की तरफ से घूमते हुए भोपाल रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जैसे ही वह भारत टॉकीज चौराहे के पास पहुंचे तभी अचानक पीछे से मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे आए दो लुटेरों ने उसे रोक लिया।
एक लुटेरा रॉड्रिक्स का हाथ पकड़कर मारपीट करने लगा। वहीं, दूसरा धूप का चश्मा छीनकर उनकी जेब की तलाशी लेने लगा। इसका नुनो ने विरोध किया और एक लुटेरे को धक्का देकर गिरा दिया। यह देख दूसरे लुटेरे ने नुनो पर पास में पड़े पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर नुनो के सिर के राइट तरफ लगा। जिसके बाद उसका खून बहने लगा। लहूलुहान हालत में नुनो को लोग हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके सिर पर 6 टांके लगे हैं।
ये भी पढ़ें- दमोह में तीन लोगों की हत्या से फैली सनसनी, जानें पूरा मामला
मामला दर्ज
पुलिस ने नुनो की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। हैरानी की बात ये है कि जिस जगह नुनो के साथ लूट हुई, उसके करीब 20 कदम पर ट्रैफिक पुलिस का बूथ है। घटना के समय भी बूथ पर एक-दो पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। उनकी नजर लुटेरों पर नहीं पड़ी। जब लुटेरे भाग गए तो नुनो ने राहगीरों से मदद मांगी। लेकिन, हिंदी नहीं बोल पाने की वजह से लोग नुनो की पीड़ा नहीं समझ सके। खून बहता देख लोग उन्हें हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे।