
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज शाम साढ़े सात बजे पंचकुला स्थित ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का शुभारंभ करेंगे। ये गेम्स 4 जून से 13 जून तक चलेंगे। इसमें 25 खेलों के लिए 8500 खिलाड़ी भाग लेंगे और 1866 मेडल्स के लिए इनकी जोर आजमाइश होगी। उद्घाटन कार्यक्रम में आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए रोज रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
खेलो इंडिया गेम्स में पहली बार 5 पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इसमें गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता,मलखंभ और योग शामिल है। इनमें गतका,कलारीपयट्टू और थांग-ता पारंपरिक मार्शल आर्ट हैं वहीं मलखंभ और योग फिटनेस से जुड़े हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का चौथा संस्करण
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण का आयोजन स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया(साई) और केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं। खेलों के इस आयोजन के लिए 250 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है। पंचकुला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में मुख्य आयोजन होगा। यहां करीब 7 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है।
पांच शहरों में होंगे 25 खेल
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 25 खेल पांच शहरों पंचकुला,अंबाला,शाहाबाद,चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे। देश भर के करीब 8500 खिलाड़ी,कोच और सहयोगी स्टाफ कार्यक्रम में भाग लेगा। 545 स्वर्ण,545 रजत और 776 कांस्य पदकों के लिए खिलाड़ी मैदान में अपना दम दिखाएंगे।