बजट सत्र से पहले सत्ता पक्ष ने मानी विपक्ष की मांग, सस्पेंड हुए 146 विपक्षी सांसद हुए बहाल, सर्वदलीय बैठक में हुआ फैसला

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र बुधवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। ये बैठक आयोजित तो सदन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए थी, लेकिन इसमें सबसे अहम मुद्दा सांसदों के निलंबन का था। विपक्ष ने साफ कहा कि सदन के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा से पिछले सत्र के दौरान सस्पेंड किए गए सभी सांसदों का निलंबन तत्काल वापस होना चाहिए। सरकार भी पहले से ही इसकी तैयारी करके आई थी। ऐसे में बैठक में ये जानकारी दी गई कि शीतकालीन सत्र में दोनों सदनों से सस्पेंड किए गए सभी सांसदों का निलंबन रद्द किया जा रहा है।
पिछले सत्र में 146 सांसद हुए थे सस्पेंड
पिछले साल शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा के 146 सांसदों को सस्पेंड कर दिया गया था। जिनमें से 132 सांसदों को उसी सत्र के लिए ही सस्पेंड किया गया था। बजट सत्र शुरू होने के बाद यह निलंबन खुद ही समाप्त हो जाएगा। शेष बचे 14 सांसदों को विशेषाधिकार समितियों का फैसला आने तक सस्पेंड किया था। लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने 11 जनवरी को लोकसभा सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया था। वहीं, राज्यसभा सांसदों का निलंबन मंगलवार को रद्द किया गया।












