कमबैक से पहले फिर चोटिल हुए हार्दिक, अफगानिस्तान सीरीज से हो सकते हैं बाहर!

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी को एक बार फिर झटका लगा है। हार्दिक के अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से वापसी की उम्मीद थी, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान पैर में हल्की चोट लगने के बाद उनके खेलने पर संशय पैदा हो गया है।
अफगानिस्तान सीरीज में नहीं खेल पाएंगे हार्दिक?
रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पूरी तरह फिट होने की दिशा में आगे बढ़ रहे थे और बिना किसी परेशानी के अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान उनके पैर में हल्की चोट लग गई। चोट के बाद उन्हें फिलहाल गेंदबाजी नहीं करने की सलाह दी गई है। हालांकि बल्लेबाजी और मूवमेंट को लेकर उन्हें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस उन्हें पूरी तरह फिट घोषित करने से पहले उनकी फिटनेस को लेकर संतुष्ट होना चाहता है। भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज 13 से 17 सितंबर के बीच खेली जानी है। सीरीज के लिए भारतीय टीम के चयन को लेकर चयनकर्ताओं की बैठक इसी सप्ताह होनी है। ऐसे में हार्दिक के समय पर फिट होने की संभावना कम मानी जा रही है।
करीब 5 महीने से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर
हार्दिक पांड्या लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर हैं। उन्होंने इसी साल मार्च के बाद भारत के लिए कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है। वहीं, उन्होंने अपना आखिरी मैच 24 मई को IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेला था। हार्दिक की फिटनेस टीम इंडिया के लिए इसलिए भी अहम है, क्योंकि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां धीरे-धीरे शुरू हो रही हैं। चिंता की बात यह भी है कि हार्दिक ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से कोई वनडे मुकाबला नहीं खेला है।
नीतीश रेड्डी और सुंदर की फिटनेस से राहत
टीम इंडिया के लिए राहत की खबर यह है कि नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर चोट से तेजी से रिकवर कर रहे हैं। दोनों के जल्द फिट होने की उम्मीद है। हालांकि, जसप्रीत बुमराह की फिटनेस अभी भी टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जल्द ही अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जा सकता है। अब देखना होगा कि हार्दिक पांड्या के साथ नीतीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को टीम में जगह मिलती है या नहीं।




















