Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

BCCI में बड़ा बदलाव: प्रज्ञान ओझा बने चीफ सिलेक्टर, रमेश पोवार को भी मिली जगह

BCCI ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बदलाव किया है। पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चीफ सिलेक्टर बनाया गया है, जबकि रमेश पोवार को अजित अगरकर की जगह समिति में शामिल किया गया है। नई चयन समिति में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा भी शामिल हैं। जानिए प्रज्ञान ओझा और रमेश पोवार का क्रिकेट करियर।
BCCI में बड़ा बदलाव: प्रज्ञान ओझा बने चीफ सिलेक्टर, रमेश पोवार को भी मिली जगह

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चीफ सिलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार को चयन समिति में शामिल किया गया है। पोवार ने अजित अगरकर की जगह ली है। नई चयन समिति में प्रज्ञान ओझा (चेयरमैन), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं।

प्रज्ञान ओझा का इंटरनेशनल करियर कैसा रहा?

प्रज्ञान ओझा भारत के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 144 विकेट लिए।

- टेस्ट क्रिकेट: 24 मैच, 113 विकेट

- वनडे क्रिकेट: 18 मैच, 21 विकेट

- टी-20 इंटरनेशनल: 6 मैच, 10 विकेट

- फर्स्ट क्लास क्रिकेट: 108 मैच, 424 विकेट

- IPL: 92 मैच, 89 विकेट

टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर 6 विकेट लेना रहा। उन्होंने IPL में डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व भी किया।

रमेश पोवार को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार को पुरुष टीम की चयन समिति में शामिल किया गया है। उन्होंने भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। पोवार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी दो अलग-अलग कार्यकाल में संभाल चुके हैं। पहली बार 2018 में उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी, जबकि मई 2021 में उनकी दोबारा नियुक्ति हुई थी।

मिताली राज के साथ विवाद के कारण चर्चा में आए थे पोवार

रमेश पोवार का नाम 2018 महिला टी-20 विश्व कप के दौरान कप्तान मिताली राज के साथ विवाद को लेकर भी चर्चा में रहा था। मिताली ने उन पर भेदभाव करने, अपमानित करने और करियर को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में मिताली को टीम से बाहर रखने के फैसले के बाद विवाद और बढ़ गया था। इसके बाद पोवार को महिला टीम के मुख्य कोच पद से हटा दिया गया था।

क्रिकेट सलाहकार समिति ने किया चयन

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, क्रिकेट सलाहकार समिति में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। समिति ने BCCI मुख्यालय में उम्मीदवारों के आवेदन की जांच और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद चयन समिति में बदलाव किया गया।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts