सागर में दर्दनाक हादसा :बस की टक्कर से 4 युवकों की मौत, उछलकर सड़क किनारे गिरे बाइक सवार

सागर जिले में एक निजी बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई। हादसा रहली थाना क्षेत्र के अनंतपुरा गांव के पास हुआ। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। पुलिस ने बस जब्त कर ली है और मामले की जांच जारी है।
बस की टक्कर से 4 युवकों की मौत, उछलकर सड़क किनारे गिरे बाइक सवार
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। यहां एक निजी बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल थे।

    कैसे हुआ हादसा?

    हादसा रहली थाना क्षेत्र के अनंतपुरा गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, युवक मोटरसाइकिल से अनंतपुरा गांव से सिमरिया हर्राखेड़ा की ओर जा रहे थे, जबकि बस सिमरिया से दमोह की तरफ जा रही थी। तेज रफ्तार बस ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    मरने वालों में दो सगे भाई

    हादसे में जिन युवकों की मौत हुई है उनकी पहचान शिवम पिता रामचरण पाल (18), सत्यम पिता रामचरण पाल (17), प्राशू उर्फ प्रशांत पिता खुमान पाल (14) एवं उमेश पिता चेतू पाल (16) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सत्यम और शिवम सगे भाई थे। वहीं प्रशांत अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है। उमेश दो भाइयों में छोटा था।

    हादसे की खबर के बाद गांव में मातम फैल गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

    Twitter Post

    पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जताया दुख

    सागर में हुए सड़क हादसे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने जताया दुख, एक्स पर लिखा- 'ग्राम अनंतपुरा, जिला सागर में पाल-गड़रिया समाज के 4 मासूम बच्चों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हृदय को झकझोर देने वाली है। ईश्वर पुण्य आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें। मैं सरकार से मांग करता हूं कि पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा व सहायता प्रदान की जाए।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts