भोपाल में बड़ा हादसा टला! बिलखिरिया के पास 100 मीटर सड़क धंसी, एक लेन का ट्रैफिक रोका

Road Caves In Near Bhopal, Officials On The Spot
भोपाल में बड़ा हादसा टला! बिलखिरिया के पास 100 मीटर सड़क धंसी, एक लेन का ट्रैफिक रोका
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल के बिलखिरिया इलाके में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। रेलवे ट्रैक के पास लगभग 100 मीटर सड़क धंस जाने से एक ओर का रास्ता बंद कर दिया गया है। सौभाग्य से घटना के वक्त सड़क पर कोई वाहन या व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। सड़क मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन (MPRDC) के अधिकार क्षेत्र में आती है, जिसे लेकर विभागीय जिम्मेदारी पर भी सवाल उठने लगे हैं।

     

    ब्रिज के पास धंसी सड़क

    घटना सोमवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच बिलखिरिया के पास हुई। यह सड़क मंडीदीप से ईंटखेड़ी की ओर जाती है और रेलवे ट्रैक के ठीक पहले ब्रिज के पास करीब 100 मीटर का हिस्सा अचानक धंस गया। धंसने के बाद सड़क के एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिनों से सड़क पर दरारें दिखाई दे रही थीं, लेकिन मरम्मत का कोई इंतजाम नहीं किया गया। धंसाव इतना गहरा है कि वाहन चालकों को अब वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है।

    Twitter Post

    महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात प्रभावित

    धंसी हुई यह सड़क एमपीआरडीसी (MPRDC) के अंतर्गत आती है और यह मार्ग भोपाल से इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, जयपुर, मंडला और सागर को जोड़ता है। ऐसे में यह हिस्सा राज्य के प्रमुख यातायात मार्गों में से एक माना जाता है। सड़क धंसने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है, जबकि छोटे वाहनों को डायवर्ट कर अन्य मार्गों से भेजा जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं।

    NHAI ने दी सफाई- सड़क हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं

    शुरुआती जांच में यह माना जा रहा था कि यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के तहत आती है, लेकिन बाद में NHAI ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि यह सड़क उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। एक अधिकारी ने बताया- सूखी सेवनिया के तहत बिलखिरिया की ओर से आने वाले ग्राम कल्याणपुर रेलवे ब्रिज से करीब 100 मीटर आगे सड़क धंसने की घटना हुई है। यह सड़क NHAI की नहीं बल्कि मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन (MPRDC) के अधीन है।

    प्रशासन और MPRDC की टीम मौके पर

    घटना की सूचना मिलते ही MPRDC और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और निरीक्षण किया। सुरक्षा कारणों से सड़क के धंसे हिस्से को पूरी तरह बैरिकेड कर बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मिट्टी के कटाव और जलभराव के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। 

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts