Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Apple के इवेंट में iPhone 18 नहीं, इस बार MacBook Pro मचाएगा धमाल! पहली बार मिल सकती है टचस्क्रीन

Apple 28 अक्टूबर को लॉस एंजिलिस में ‘Pro and Tell’ इवेंट आयोजित करेगा। इस इवेंट में टचस्क्रीन और OLED डिस्प्ले वाले MacBook Pro, M6 चिप वाले MacBook और iMac तथा नए iPad mini को लेकर चर्चाएं हैं। जानिए संभावित फीचर्स, Dynamic Island जैसे डिजाइन बदलाव और iPhone 18 की लॉन्चिंग को लेकर क्या जानकारी सामने आई है।
Apple के इवेंट में iPhone 18 नहीं, इस बार MacBook Pro मचाएगा धमाल! पहली बार मिल सकती है टचस्क्रीन
टचस्क्रीन, OLED डिस्प्ले और Dynamic Island के साथ आ सकता है नया MacBook Pro

सोचिए, लैपटॉप पर काम करते-करते अगर आप सीधे स्क्रीन को छूकर ऐप खोल सकें, फोटो एडिट कर सकें और दूसरे काम भी कर सकें, तो कैसा रहेगा? Apple के नए इवेंट को लेकर कुछ ऐसी ही चर्चाएं तेज हैं। कंपनी 28 अक्टूबर को लॉस एंजिलिस में ‘Pro and Tell’ नाम से खास इवेंट आयोजित करने जा रही है। हालांकि, इस बार सबकी नजर iPhone पर नहीं, बल्कि MacBook Pro और दूसरे नए प्रोडक्ट्स पर रहने वाली है।

iPhone 18 नहीं, MacBook Pro पर रहेंगी नजरें

जब भी Apple किसी नए इवेंट का ऐलान करता है, तो फैंस को नए iPhone की उम्मीद होने लगती है। इस बार भी iPhone 18 को लेकर चर्चाएं हैं, क्योंकि कंपनी ने अभी तक इसे लॉन्च नहीं किया है। हालांकि, फिलहाल इस इवेंट में iPhone 18 लॉन्च होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फैंस को नए iPhone के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

पहली बार टचस्क्रीन वाला MacBook Pro?

इस इवेंट को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा टचस्क्रीन MacBook Pro की है। Bloomberg समेत कई टेक रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple 14 इंच और 16 इंच के नए MacBook Pro मॉडल पर काम कर रहा है। इनमें OLED डिस्प्ले और टचस्क्रीन मिलने की उम्मीद है। अब तक Apple ने अपने MacBook में टचस्क्रीन का फीचर नहीं दिया है। कंपनी ने लैपटॉप चलाने के लिए कीबोर्ड, ट्रैकपैड और macOS पर ज्यादा ध्यान दिया है। अगर नए MacBook Pro में टचस्क्रीन आती है, तो यह कंपनी की पुरानी रणनीति में बड़ा बदलाव होगा। हालांकि, टचस्क्रीन लैपटॉप बाजार में पहले से मौजूद हैं। इसलिए यह तकनीक नई नहीं है, लेकिन Apple के MacBook में इसका आना जरूर खास माना जाएगा। ध्यान रहे कि कंपनी ने अभी तक इस फीचर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स और लीक पर आधारित है।

ये भी पढ़ें: Samsung Galaxy F70 5G की पहली सेल शुरू, ₹2,000 तक सस्ता खरीदने का मौका; जानें कीमत और फीचर्स

MacBook Pro में Dynamic Island जैसा डिजाइन?

नए MacBook Pro के डिजाइन में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें मौजूदा स्क्रीन नॉच की जगह iPhone के Dynamic Island जैसा हिस्सा मिल सकता है। iPhone में यह फीचर कॉल, म्यूजिक और दूसरी गतिविधियों की जानकारी दिखाता है। अगर Apple इसे MacBook में शामिल करता है, तो लैपटॉप की स्क्रीन का लुक पहले से अलग हो सकता है। इसके अलावा नए मॉडल मौजूदा MacBook Pro के मुकाबले हल्के भी हो सकते हैं। हालांकि, डिजाइन, वजन और अन्य फीचर्स को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

नए MacBook और iMac में मिल सकती है M6 चिप

Apple के नए इवेंट में चिप को लेकर भी चर्चा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी नए MacBook और iMac मॉडल पेश कर सकती है, जिनमें M6 चिप मिलने की उम्मीद है। इन मॉडल में बड़े डिजाइन बदलाव के बजाय नई चिप और बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान दिया जा सकता है। वहीं, टचस्क्रीन वाले महंगे MacBook Pro मॉडल में M5 Pro और M5 Max चिप मिलने की भी चर्चा है। यानी अलग-अलग मॉडल में अलग चिप का विकल्प देखने को मिल सकता है। हालांकि, इन सभी जानकारियों की पुष्टि के लिए Apple की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

नए iPad mini पर भी नजरें

MacBook के अलावा Apple के नए iPad mini को लेकर भी अटकलें हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें OLED डिस्प्ले, बेहतर स्पीकर और वीडियो कॉल के लिए फ्रंट कैमरे की बदली हुई जगह मिल सकती है। Apple के इस इवेंट में टचस्क्रीन MacBook Pro, नई चिप वाले Mac मॉडल और iPad mini को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना होगा कि कंपनी इन चर्चाओं में से किन प्रोडक्ट्स और फीचर्स पर आधिकारिक मुहर लगाती है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts