रक्षाबंधन पर ट्रैफिक व्यवस्था में रहेगा बदलाव, भोपाल के बाजारों में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने किया रूट डायवर्जन

भोपाल। रक्षाबंधन के मौके पर शनिवार, 9 अगस्त को राजधानी भोपाल के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक व्यवस्था की है। शहर के पुराने और नए इलाकों में एक दिन के लिए विशेष रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान लागू किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निजी वाहनों की बजाय अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि जाम और अव्यवस्था से बचा जा सके।
पुराने शहर में इन वाहनों की एंट्री बंद
जनकपुरी, जुमेराती, छोटे भैया चौक, घोड़ा नक्कास, हनुमानगंज और आजाद मार्केट जैसे पुराने भोपाल के भीड़भाड़ वाले इलाकों में शनिवार को लोडिंग वाहन, ऑटो और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था सुबह से रात तक प्रभावी रहेगी।
- करोंद, डीआईजी बंगला, सिंधी कॉलोनी, शाहजहांनाबाद से आने वाले चार पहिया वाहन भोपाल टॉकीज चौराहे से बाल विहार ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।
- भारत टॉकीज की ओर से आने वाले दोपहिया वाहन सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में पार्क होंगे।
- संगम टॉकीज और सब्जी मंडी की ओर से आने वाले वाहन सब्जी मंडी परिसर में खड़े किए जाएंगे।
- लखेरापुरा, इतवारा, इब्राहिमपुरा से चौक बाजार जाने वाले वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इन्हें सरस्वती स्कूल की मल्टीलेवल पार्किंग और सदर मंजिल के पास पार्क करना होगा।
10 नंबर मार्केट में रहेगा वन-वे ट्रैफिक सिस्टम
वंदेमातरम् चौक से 10 नंबर मार्केट की ओर आने वाले वाहन केवल नेशनल अस्पताल तक ही जा सकेंगे। इसी तरह साढ़े 10 नंबर स्टॉप से भी यही दिशा मान्य रहेगी। नेशनल अस्पताल से वंदेमातरम् चौक या 10 नंबर मार्केट की ओर सीधा जाना प्रतिबंधित रहेगा।
न्यू मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ के लिए पार्किंग व्यवस्था
- न्यू मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग (टीटी नगर थाना के पास) का उपयोग करना अनिवार्य होगा।
- भीड़ अधिक होने पर रंगमहल चौक से थाना चौक और टीटी क्रॉस से थाना चौक की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
- एमपी नगर जोन-1 और बैरागढ़ (चंचल चौक) में भी मल्टीलेवल पार्किंग का उपयोग करना आवश्यक रहेगा।
व्यापारियों और नागरिकों से प्रशासन की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने सभी दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की है कि वे माल की लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच ही करें। दुकानों के सामने या सड़क किनारे वाहन पार्क करने से बचें। साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि रक्षाबंधन पर होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए वे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें और जिम्मेदार नागरिक बनकर ट्रैफिक नियमों का पालन करें।












