रायपुर में ड्रग्स सप्लाई, 57 लाख की हेरोइन के साथ CA छात्रा समेत 6 गिरफ्तार, चॉकलेट रैपर से लेकर माचिस की डिब्बी तक में होती थी तस्करी

रायपुर में ड्रग्स सप्लाई, 57 लाख की हेरोइन के साथ CA छात्रा समेत 6 गिरफ्तार, चॉकलेट रैपर से लेकर माचिस की डिब्बी तक में होती थी तस्करी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पंजाब के रास्ते पाकिस्तान से लाई जा रही हेरोइन को यहां युवतियों के जरिए सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी में 57 लाख की हेरोइन, मोबाइल और वाहन जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में CA की छात्रा समेत 2 महिलाएं और पति-पत्नी भी शामिल हैं। सभी आरोपी 19 से 30 वर्ष की उम्र के हैं।

    वीडियो और लोकेशन से होती थी डिलीवरी

    जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहक तक माल पहुंचाने के लिए तकनीकी तरीके अपनाते थे। युवतियां हेरोइन को तय जगह पर रखकर वीडियो और फोटो भेज देती थीं, ताकि ग्राहक वहां से आसानी से उठा ले। इस दौरान न तो सीधी मुलाकात होती थी और न ही किसी को भनक लगती थी।

    पंजाब से आते थे पैडलर, पाकिस्तान से कनेक्शन

    पुलिस के अनुसार, पंजाब से दो युवक समय-समय पर ट्रेन से रायपुर आकर हेरोइन सप्लाई करते थे। आरोपी मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू कई बार खुद पंजाब जाकर माल लाता था। वह अपने ट्रक में ड्रग्स छिपाकर लाता और यहां डिस्ट्रीब्यूटरों को सप्लाई करता था। मनमोहन के पंजाब व हरियाणा के उन तस्करों से सीधे संबंध हैं, जो पाकिस्तान से ड्रग्स मंगाकर देते हैं।

    चॉकलेट-गुटखा पाउच में ड्रग्स तस्करी

    शक से बचने के लिए आरोपी ड्रग्स को अलग-अलग सामान में पैक करते थे। इनमें चाय डिस्पोजल, गुटखे के पाउच, चॉकलेट के रैपर और माचिस की डिब्बियां शामिल थीं। आरोपी पिछले ढाई साल में 2 करोड़ रुपये से ज्यादा का माल बेच चुका है और उसके खाते में 250 से ज्यादा बार ट्रांजेक्शन हुआ है।

    रेड में पकड़े गए पति-पत्नी और CA छात्रा

    पुलिस को 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि कबीर नगर इलाके में एक युवक हेरोइन बेचने की फिराक में है। घेराबंदी कर मनमोहन सिंह संधू को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम बताए। इसके बाद वीर सावरकर नगर, जरवाय तालाब और RDA कॉलोनी में दबिश दी गई। यहां से उसकी पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और CA की छात्रा दिव्या जैन समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

    57 लाख का माल और मोबाइल जब्त

    छापेमारी में पुलिस ने कुल 273.19 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की है, जिसकी कीमत 57 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 1 दुपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। सभी आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts