ताजा खबरराष्ट्रीय

राहुल गांधी की न्याय यात्रा का मुंबई में समापन आज, निकालेंगे ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’; I.N.D.I.A ब्लॉक की पार्टियां करेंगी शक्ति प्रदर्शन

मुंबई। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज 63 दिन बाद महाराष्ट्र के मुंबई में समापन हो रहा है। यह समापन डॉ. बीआर अंबेडकर के स्मारक चैत्य भूमि पर होगा। राहुल गांधी मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ निकालेंगे। न्याय यात्रा के समापन को लेकर शिवाजी पार्क में एक विशाल रैली का आयोजन भी किया गया है। इसी के साथ I.N.D.I.A ब्लॉक की पार्टियां शक्ति प्रदर्शन करेंगी। जिसमें कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

अंतिम रूप लेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा

63 दिनों तक चली राहुल की न्याय यात्रा शनिवार यानी 16 मार्च को मुंबई के ठाणे में खत्म हुई। पहले तो राहुल ने कल सेंट्रल मुंबई में डॉ. बीआर अंबेडकर के स्मारक चैत्य भूमि पर श्रद्धांजलि दी फिर बाद में संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी यात्रा को खत्म किया। इस दौरान उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।

आज ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’

आज ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कांग्रेस के नेता के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां भी राहुल गांधी की पदयात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी अगस्त क्रांति मैदान के पास से तेजपाल हॉल में प्रतिभागियों से बातचीत करेंगे। इस पदयात्रा में उनके साथ बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी मौजूद रहेंगी।

rahul gandhi news

रैली में विपक्ष के ये नेता होंगे शामिल

न्याय यात्रा के समापन समारोह में राहुल के अलावा विपक्ष के तमाम नेता शामिल होंगे। जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राजद नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का नाम शामिल है। शिवसेना (UBT), NCP (शरद गुट), आम आदमी पार्टी (AAP) सहित I.N.D.I.A ब्लॉक की अन्य पार्टियों के नेता भी शिरकत करेंगे। इस रैली को विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

कांग्रेस सत्ता में लौटी तो हर साल देंगे 1 लाख रुपए : राहुल

राहुल ने शनिवार यानी 16 मार्च को धारावी में एक सभा को संबोधित किया। इसमें राहुल ने कहा, अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में लौटी तो गरीब महिलाओं को हर साल 1 लाख रुपए देगी। न्याय यात्रा के दौरान मैंने हर वर्ग के साथ हो रहे अन्याय और उत्पीड़न को बहुत करीब से जाना और समझा है। मैं देशवासियों की उम्मीदों भरी आंखों में छिपे छोटे-छोटे सपनों को अपने साथ लेकर जा रहा हूं।

मणिपुर से शुरू हुई यात्रा

राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से न्याय यात्रा शुरू की थी। इस दौरान वे देश के 14 राज्यों में गए। न्याय यात्रा मणिपुर से नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में पहुंची थी। मुंबई में यात्रा खत्म होने तक राहुल ने 6700 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान राहुल ने बस से भी सफर किया। वे कई किलोमीटर भी पैदल चले।

भारत जोड़ो यात्रा कर चुके हैं राहुल

इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यह यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था। इस यात्रा का समापन श्रीनगर में के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में हुआ था। यात्रा के दौरान राहुल ने 12 सभाओं को संबोधित कर 100 से ज्यादा बैठक की थीं। इसके साथ ही 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थीं।

ये भी पढ़ें – Indian Navy : भारतीय नौसेना ने बचाया हाइजैक हुआ जहाज, 3 महीने बाद हुआ 17 लोगों का रेस्क्यू; 35 समुद्री लुटेरों ने किया सरेंडर

संबंधित खबरें...

Back to top button