प्रेग्नेंट पत्नी का कत्ल और वेलेंटाइन डे का छलावा…चार्टर्ड अकाउंटेंट पति की साजिश ने सबको हिला दिया

प्यार और मोहब्बत का महीना वेलेंटाइन डे था, लेकिन गुरुग्राम में एक ऐसा कांड हुआ जिसने हर किसी को हक्का-बक्का कर दिया। चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल ने अपनी प्रेग्नेंट पत्नी महक की बेरहमी से हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम अंशुल अपनी पत्नी महक को उसके मायके (हांसी) से गुरुग्राम ले जा रहा था। महक के मन में खुशियों के सपने थे, लेकिन अंशुल के दिमाग में पहले से ही कत्ल की साजिश रची हुई थी। झज्जर के पाहसौर गांव के पास पहुंचते ही उसने महक की हत्या कर दी।
पहले गला घोंटा, फिर कैंची से किए कई वार
अंशुल ने पहले महक का गला घोंटा और फिर कैंची से उसके गले पर कई वार किए। हत्या के बाद उसने महक का शव पास की नहर में फेंक दिया।
कांड के बाद अंशुल ने पुलिस को 112 पर फोन कर बताया कि ‘कुछ लोग आए, गाड़ी रोकी, हमसे मारपीट की और मेरी पत्नी को मारकर गाड़ी ले गए।’ लेकिन थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने जब उसके बयान की जांच की, तो विरोधाभास सामने आया।

छोटी-सी चूक ने खोला राज़
कड़ी पूछताछ के बाद अंशुल टूट गया और अपना गुनाह कुबूल कर लिया। उसने बताया कि हत्या के लिए कैंची उसने पहले ही घर से साथ ली थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि अंशुल को महक के फोन पर बात करना नागवार गुजरता था। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। महक उस समय दो महीने की गर्भवती थी। अंशुल ने अपनी पत्नी के साथ-साथ अपने होने वाले बच्चे की भी जान ले ली।
अंशुल ने 14 फरवरी को महक के साथ वेलेंटाइन डे मनाया ताकि किसी को शक न हो, लेकिन अगले ही दिन उसने उसे मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी अंशुल को रिमांड पर लिया जाएगा
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। अब आरोपी अंशुल को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सबूतों को जोड़ा जा सके।











