PlayBreaking News

प्रकाश पर्व :गुरु नानक जयंती पर सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुद्वारों में टेका मत्था

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर प्रदेशभर के गुरुद्वारों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने कीर्तन, अरदास और सेवा के माध्यम से गुरु के संदेशों को आत्मसात किया।
Follow on Google News
गुरु नानक जयंती पर सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुद्वारों में टेका मत्था
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर बुधवार को पूरे मध्यप्रदेश में भक्ति और सेवा का माहौल नजर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित अरेरा कॉलोनी गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका, गुरु नानक देव जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धा के साथ अरदास में शामिल हुए।

    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि 'गुरु नानक देव जी ने समाज को सेवा, अनुशासन और समरसता का संदेश दिया, जो आज भी विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है।' उन्होंने आगे कहा कि 'गुरु नानक जी का जीवन मानवता और त्याग का प्रतीक है, हमें उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।'

    गुरुद्वारों में सजावट और शबद-कीर्तन का आयोजन

    राजधानी भोपाल के अरेरा कॉलोनी, हमीदिया रोड और पिपलानी स्थित गुरुद्वारों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया। मंगलवार देर रात से ही श्रद्धालु गुरुवाणी और कीर्तन में शामिल होकर प्रकाश पर्व की शुरुआत कर चुके थे। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ गुरुद्वारों में उमड़ पड़ी, जहां प्रभात फेरी, नितनेम, दीवान और शबद-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित हुए।

    Twitter Post

    हमीदिया रोड गुरुद्वारा में विशाल लंगर का आयोजन

    गुरु नानक जयंती पर भोपाल का सबसे बड़ा लंगर हमीदिया रोड गुरुद्वारे में आयोजित किया गया। यहां करीब 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी। लगभग 35 से 40 क्विंटल खाद्य सामग्री का उपयोग इस विशाल लंगर में किया गया। अलग-अलग गुरुद्वारों में रोटियां तैयार कर मुख्य गुरुद्वारे तक पहुंचाई गईं।

    सेवा और समानता के संदेश को किया याद

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 'गुरु नानक देव जी ने सेवा, जप-कीर्तन और सामाजिक समरसता के लिए सबको जागृत किया। उनका जीवन हम सबके लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा।' उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में सिख धर्म के नवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर भी मध्यप्रदेश सरकार विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

    Twitter Post 

    शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर में गुरुद्वारे में माथा टेका

    इधर, केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सीहोर में गंगा आश्रम स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और श्रद्धापूर्वक अरदास की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर हम सब उनके चरणों में नमन करते हैं। गुरु की कृपा से हर हृदय में प्रेम, सेवा और सद्भाव की ज्योति जलती रहे यही प्रार्थना है।'

    सीहोर पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व विधायक जसपाल सिंह अरोरा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। गुरुद्वारा दर्शन के बाद शिवराज सिंह चौहान ग्राम धामंदा रवाना हुए, जहां उन्होंने सांसद खेल प्रतियोगिता के कार्यक्रम में भाग लिया।

    आस्था, एकता और सेवा का पर्व

    गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर प्रदेशभर के गुरुद्वारों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने कीर्तन, अरदास और सेवा के माध्यम से गुरु के संदेशों को आत्मसात किया। गुरु नानक देव जी द्वारा शुरू की गई लंगर परंपरा और समानता का संदेश आज भी समाज को एकता और मानवता की दिशा दिखा रहा है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts