PlayBreaking News

गठबंधन का राजनीतिक असर... राहुल पंजे को, अरविंद झाड़ू और नीतीश तीर को नहीं दे पाएंगे वोट!

कई नेताओं को इस बार दबाना होगा ‘अलग’ बटन
Follow on Google News
गठबंधन का राजनीतिक असर... राहुल पंजे को, अरविंद झाड़ू और नीतीश तीर को नहीं दे पाएंगे वोट!

मनीष दीक्षित-भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे में आखिर क्या समानता है? जाहिर है यह सभी अपने-अपने दल के शीर्ष नेताओं में शुमार हैं। लेकिन इसके अलावा इनमें एक और समानता है, ये सभी नेता लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशी को वोट नहीं दे सकेंगे। इसकी बानगी पांचवें चरण की वोटिंग के दौरान मुंबई में देखने मिली, जब महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके परिवार ने अपनी पार्टी (शिवसेना यूबीटी) को वोट नहीं देकर राजनीतिक दुश्मन से दोस्त बनी कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया।

मुंबई उत्तर मध्य सीट पर कांग्रेस ने वर्षा गायकवाड़ को प्रत्याशी बनाया था। उद्धव और उनके परिजन यहां के वोटर हैं। इसी प्रकार कांग्रेस नेता राहुल गांधी का वोट इस बार कांग्रेस को नहीं जाएगा। राहुल और उद्धव ही नहीं, कई सीटों पर इस तरह के समीकरण बन रहे हैं, जहां पार्टी सुप्रीमो या दिग्गज नेता अपनी ही पार्टी को वोट नहीं दे सकेंगे ।

दरअसल, यह असर गठबंधन के सियासी समीकरणों के चलते हुआ है। विपक्ष के नेताओं ने इस बार मोदी के 400 पार के लक्ष्य को रोकने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया है। अब गठबंधन ने हर राज्य में उन दावेदारों पर दांव लगाया है, जो भाजपा प्रत्याशी के सामने ताकतवर हों, भले ही वे गठबंधन की किसी भी पार्टी से हों। इसी के चलते सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रोहन इस बार कांग्रेस पार्टी को वोट नहीं कर सकेंगे। नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के ये सभी वोटर आम आदमी पार्टी को वोट देंगे। कांग्रेस और ‘आप’ के बंटवारे में यह सीट ‘आप’ के हिस्से आई है। यहां से पार्टी ने सोमनाथ भारती को अपना प्रत्याशी बनाया है।

‘आप’ के साथ भी ये हालात

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का परिवार चांदनी चौक लोकसभा सीट के वोटर हैं। यह सीट कांग्रेस के खाते में गई है, इसलिए केजरीवाल परिवार को इस बार के चुनाव में ‘आप’ के बजाय कांग्रेस या फिर अन्य किसी को वोट देना होगा।

नीतीश देंगे भाजपा को वोट

बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के प्रमुख नीतीश कुमार पटना साहिब लोकसभा सीट से मतदाता है। एनडीए गठबंधन के तहत यह सीट भाजपा के खाते में गई है। भाजपा से पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने मीरा कुमार के बेटे अंशुल को उनके खिलाफ चुनावी मैदान में उतरा है। यहां सातवें चरण में मतदान होगा।

People's Reporter
By People's Reporter
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts