पीथमपुर में पाइप फैक्ट्री में भीषण आग : दूर-दूर तक दिखा काला धुआं, कोई जनहानि नहीं

धार। पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर-3 में स्थित सिग्नेट पाइप फैक्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। यह कंपनी प्लास्टिक पाइप बनाने का कार्य करती है। आग इतनी भयानक थी कि इसका धुआं 5 किलोमीटर दूर से साफ नजर आया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
कैसे लगी आग?
रात करीब ढाई बजे अचानक फैक्ट्री में आग लगी। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में प्लास्टिक और कच्चा माल बड़ी मात्रा में रखा था, जिससे आग तेजी से फैली और विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलते ही पीथमपुर, इंदौर, धार और बदनावर से दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 70 फायर फाइटर, SDRF की टीम, तीन थानों की पुलिस, नगर पालिका के 150 से ज्यादा कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर जुटे। इंदौर एयरपोर्ट से फायर फाइटर और एक हजार लीटर फोम मंगाया गया है।रेत और मिट्टी से बनाई गई दीवार
फायर टीम की कोशिशों के बावजूद जब आग बेकाबू रही, तो जेसीबी मशीनों की मदद से रेत और मिट्टी की दीवार बनाई गई, ताकि आग आसपास न फैले। अब तक 25 डंपर रेत का इस्तेमाल किया जा चुका है।











